पति ने की आत्महत्या,पत्नी, साली, साढू, ससुर पर दर्ज हुई एफआईआर

ससुराल वाले करते थे मारपीट,करवाने वाले थे महिला की दूसरी शादी

ब्रह्मास्त्र इंदौर। युवक द्वारा सुसाइड करने के मामल में उसकी पत्नी और सास-ससुर के अलावा दो अन्य लोगों पर लसूडिया पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मृतक ने ससुराल पक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। युवक ने ससुराल के लोगों पर पत्नी को साथ नहीं भेजने, मारपीट करने और उसकी दूसरी शादी करवाने की तैयारी करने का आरोप लगाते हुए जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने ससुराल पक्ष के 5 लोगों पर प्रकरण पंजीबद्ध किया है
थाना प्रभारी संतोष दूधी ने बताया कि घटना 3 मार्च की है । मृतक रोहित पिता सुरेश निवासी देवगुराडिया पत्नी को लेने अपने ससुराल लसूडिया आया था। लेकिन ससुराल पक्ष द्वारा पत्नी को साथ नहीं ले जाने दिया गया। जिसके बाद ससुराल पक्ष ने मृतक रोहित के साथ मारपीट भी की थी। रोहित इस बात से इतना दुखी था और उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू की थी। जिसमें ससुराल के पांच व्यक्तियों के खिलाफ धारा 306 (आत्महत्या के लिए प्रेरित करना) में प्रकरण पंजीबद्ध किया है।

ससुराल के तानों से था तंग

मृतक रोहित के परिजनों की माने तो सुसाइड के पीछे पत्नी काजल, साली सुमंगला और मुस्कान, साढू संतोष और ससुर रामचंद्र जिम्मेदार है। क्योंकि रोहित जब भी उसकी पत्नी काजल को लेने जाता। ससुराल वाले उसे ताने मारते थे। जली कटी बातें सुनाते थे। उसे रोहित के साथ नहीं भेजते थे। रोहित कई बार ससुराल से उसे लाने की कोशिश करता रहा। लेकिन साढू उसके साथ कई बार मारपीट कर चुका था।

दूसरी शादी करने वाले थे

पुलिस की जांच में पता चला है कि परिवार वाले काजल की दूसरी शादी कराने की तैयारी में लग गए थे। इसी के चलते रोहित काफी परेशान चल रहा था।