सेम्पल के नाम पर ढाई किलों तक गेहुं निकालने की शिकायत

खरीदी केन्द्र पर अव्यवस्था देख कलेक्टर हुए नाराज
शुजालपुर क्षेत्र में समर्थन मुल्य पर गेहूं की खरीदी का कार्य प्रारंभ हो चुका है, बुधवार को शुजालपुर क्षेत्र के दीप तारा वेयरहाउस में प्राथमिक कृषि साख संस्था मोहम्मद खेडा द्वारा समर्थन मूल्य की जा रही खरीदी केन्द्र का निरीक्षक कलेक्टर शाजापुर दिनेश जैन ने किया। इस दौरान खरीदी केन्द्र पर अव्यवस्था देख कलेक्टर जैन ने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल व्यवस्था में सुधार कराने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी सत्येंद्र प्रसाद सिंह को दिए।
कलेक्टर जैन ने आज रणोगंज क्षेत्र स्थित दीप तारा वेयरहाउस पर समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए बने उपार्जन केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया था। यहाँ खरीदी के दौरान अनेक अव्यवस्थाएं पाई गई थी। किसानों द्वारा खरीदी में अनावश्यक विलम्ब करने, केवल दो तौल काटे होने, समय पर खरीदी शुरू नहीं करने, सेंपल के नाम पर दो से ढाई किलोग्राम गेंहू लेने आदि की शिकायत की। कलेक्टर जैन ने खरीदी करने वाली संस्था को निर्देश दिए कि वे व्यवस्थाओ में तत्काल सुधार लाये। व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होने पर उपार्जन केन्द्र अन्य जगह पर स्थानान्तरित कर दिया जायेगा। उपार्जन केन्द्र पर तत्काल 10 तौल कांटे लगाये। खरीदी प्रात: 8 बजे से शुरू करें। तौल करने की गति बढाए। कर्मचारियों एवं हम्मालों को परिचय पत्र भी दे। वेयरहाउस पर सीढिया बनाये। किसानों के लिए उपार्जन केंद्र पर मूलभूत प्राथमिक सुविधाओं की व्यवस्था करें। अनुविभागीय अधिकारी देखे कि वेयर हाउस का निर्माण स्वीकृत नक्शे अनुसार हुआ है कि नहीं। ट्रेक्टर ट्रालियों को खडे रखने एवं आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान रखें। इस दौरान कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मनोज शुक्ला भी उपस्थित थे।