सितंबर तक मिलेगा नि:शुल्क खाद्यान्न : मुख्यमंत्री चौहान

ब्रह्मास्त्र कटनी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में हितग्राहियों को अप्रैल से सितंबर 2022 तक नि:शुल्क पाँच किलो प्रति व्यक्ति खाद्यान्न का वितरण किया जायेगा। मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना में एक रुपए प्रति किलो की दर से खाद्यान्न दिया जायेगा। इससे प्रदेश के पाँच करोड़ हितग्राहियों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री कटनी जिले के ग्राम पंचायत सलैया फाटक में अन्न उत्सव कार्यक्रम में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के पात्र हितग्राहियों को नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण कर संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हितग्राहियों के लिये अन्न उत्सव का दिन है। किसी भी हितग्राही को खाद्यान्न की चिंता करने की जरूरत नहीं है। राज्य सरकार ने खाद्यान्न वितरण कर सभी हितग्राहियों को चिंतामुक्त कर दिया। उन्होंने कहा कि गरीबों के जीवन में खुशहाली आए, यही हमारा मूल उद्देश्य है। मुख्यमंत्री चौहान ने अन्न उत्सव कार्यक्रम में छोटी बाई, सीता बाई, सुशीला बाई, विष्णु और अशोक कुमार को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का राशन वितरण कर लाभान्वित किया।