झारखंड रोप-वे रेस्क्यू ऑपरेशन : हेलिकॉप्टर से पहुंचे जवान, 2500 फीट पर फंसीं 3 ट्रॉलियों में 7 अब भी फंसे

ब्रह्मास्त्र देवघर। झारखंड के देवघर में त्रिकूट पर्वत पर रोप-वे हादसे का मंगलवार को तीसरा दिन है। 45 घंटे से ज्यादा हो गए हैं। अब भी 2500 फीट ऊंचाई पर रोप-वे की 3 ट्रॉलियों में लोग फंसे हैं। वायुसेना के जवान हेलिकॉप्टर से ट्रॉलियों तक पहुंच गए हैं। तीसरे दिन ढाई घंटे के आॅपरेशन में 14 लोगों मे से 7 को निकाल लिया गया है। इसमें दो बच्चियां हैं। अब सिर्फ 7 लोग रेस्क्यू के लिए रह गए हैं। सोमवार शाम को एक जवान ट्रॉली में फंस गया था, जिसे सुबह निकाला गया।
सेना, वायुसेना, आईटीबीपी और एनडीआरएफ की टीमों ने सोमवार को 12 घंटे के आॅपरेशन के बाद 33 लोगों को तीन हेलिकॉप्टर और रस्सी के सहारे बचाया गया था। रेस्क्यू के दौरान सेफ्टी बेल्ट टूट जाने के कारण एक व्यक्ति की हेलिकॉप्टर से नीचे गिर कर मौत हो गई। अंधेरा और कोहरा हो जाने की वजह से आॅपरेशन बंद कर दिया गया था। अब तक कुल तीन लोगों की मौत हुई है। एक की पुष्टि प्रशासन ने नहीं की है। 12 लोग घायल हैं।