सीजन की सबसे गर्म रात, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के करीब

उज्जैन। अप्रैल माह जैसे-जैसे अपने चौथे सप्ताह की ओर बढ़ रहा है वैसे वैसे तापमान में भी तेजी आ रही है। रविवार सोमवार रात न्यूनतम तापमान सीजन का सबसे अधिक रहा। मौसम विभाग ने आगामी कुछ दिनों में ही लू चलने का अंदेशा जता दिया है। जिसका एहसास दिन में गर्म हवा करा रही है।
ठंड के मौसम में जिस तरह की तेजी फरवरी माह तक दिखाई दी थी उसी तरह अब गर्मी के तेवर भी नजर आ रहे हैं। अप्रैल माह के अंतिम दिनों तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंचने की आसन का मौसम विभाग जता चुका है। इस बीच रविवार सोमवार रात सीजन की सबसे गर्म रात रही। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के करीब पहुंच चुका था। जिसके और अधिक होने की संभावना बनी हुई है। रविवार को अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री दर्ज किया गया था। जीवाजीराव वेधशाला के अनुसार 20 अप्रैल बाद अधिकतम तापमान 42-43 डिग्री के पार पहुंच सकता है। जिसके चलते झुलसा देने वाली गर्मी का एहसास शुरू हो जाएगा। पिछले तीन-चार दिनों से आसमान में छाए बादलों की वजह से अधिकतम तापमान कम हुआ था लेकिन अब बादल साफ होते ही फिर से अधिकतम तापमान में तेजी आना शुरू हो गई है।