कांग्रेस ने 15 महापौर प्रत्याशी किए घोषित, रतलाम अटका

उज्जैन। कांग्रेस ने प्रदेश के 16 नगर निगम में से 15 में महापौर पद के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। रतलाम महापौर प्रत्याशी की घोषणा फिलहाल अटक गई है। भोपाल से विभा पटेल (अध्यक्ष, मप्र महिला कांग्रेस), इंदौर से संजय शुक्ला (विधायक), जबलपुर से जगत बहादुर सिंह (जिला कांग्रेस अध्यक्ष), ग्वालियर से शोभा सिकरवार (विधायक सतीश सिकरवार की पत्नी) को प्रत्याशी बनाया गया है।
जबकि उज्जैन से महेश परमार (तराना विधायक), सागर से निधि जैन (पूर्व विधायक सुनील जैन की पत्नी), रीवा से अजय मिश्रा (पूर्व नगर निगम अध्यक्ष), मुरैना से शारदा सोलंकी (पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र सोलंकी पत्नी), सतना से सिद्धार्थ कुशवाहा (विधायक), कटनी से श्रेया खंडेलवाल (यूथ कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता), सिंगरौली से अरविंद सिंह चंदेल (जिला कांग्रेस अध्यक्ष), बुरहानपुर से शहनाज अंसारी (पूर्व पार्षद), छिंदवाड़ा से विक्रम अहाके, देवास से कविता रमेश व्यास (सचिव, प्रदेश कांग्रेस), खंडवा से आशा मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है। इस बार कांग्रेस ने 3 विधायकों को टिकट दी गई है। रतलाम में उम्मीदवार फाइनल नहीं हुआ है। यहां भूरिया फेक्टर से पेंच फंस गया है। दरअसल यहां से मेयर पद के लिए दावेदारी कर रहे दोनों दावेदार भूरिया के समर्थक है। कांग्रेस के सामने ये दुविधा है कि युवा प्रत्याशी बनाया जाए या फिर अनुभवी को उतारा जाए। यहां से दावेदारी कर रहे राजीव रावत 3 बार के पार्षद हैं और मयंक जाट वर्तमान में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष हैं। मयंक जाट पर मारपीट मामले में केस चल रहा है। इस पर जल्द ही फैसला आ सकता है। ऐसे में कांग्रेस ने यहां से नाम को फिलहाल होल्ड कर दिया है। क्योंकि युवक कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया यहां के अपने कोटे से टिकट दिलाना चाहते है। लेकिन कांग्रेस कानूनी किरकिरी से बचने के लिए फैसला का इंतजार करना चाहती है।