मां से बोला था बहुत बड़ा बना है महाकाल लोक

उज्जैन। हत्या कर माकड़ोन के ग्राम चिरड़ी में फेंकी गई लाश की शिनाख्त होने के बाद रविवार को पिता और बहन उज्जैन आए थे। पिता ने बताया मुझसे बात नहीं करता था। बुधवार को मां के पास फोन आया था। मोनू ने कहा था कि महाकाल लोक बहुत बड़ा बना है। शनिवार दोपहर पुलिस ने उसकी मौत की सूचना दी।
13 अक्टूबर को माकड़ोन पुलिस ने ग्राम चिरड़ी और मेरगढ़ के बीच जंगल से एक व्यक्ति का शव बरामद किया था। जिसकी शिनाख्त प्रदेश के पुलिस ग्रुप में भेजे गये फोटो के बाद बैतूल स्थित मुर्गी चौक निवासी मोनू उर्फ प्रशांत पिता कृष्ण कुमार वर्मा 39 वर्ष के रुप में हुई। रविवार तड़के पिता और बहन प्रिया जिला अस्पताल पहुंचे थे। बहन ने बताया कि वह इंदौर में रहकर प्रायवेट जॉब करती है। मोनू का विवाह नहीं हुआ था। उस पर कई केस दर्ज थे। 2 साल पहले लॉकडाउन में इंदौर आ गया था। उसकी काफी दोस्त यारी थी। लॉकडाउन के बाद इंदौररोड पर एक ढाबे में काम करने लगा था। सालभर पहले वापस बैतूल लौटा था और मछली पालन का काम करने लगा था। पिता का कहना था कि वह इलेक्ट्रिक की दुकान चलाते है। मोनू मुझसे बात नहीं करता था, 10 अक्टूबर (सोमवार) को घर से निकला था। 2 दिन बाद मां पुष्पा को कॉल कर बताया था कि महाकाल लोक काफी बढ़ा बना है। वह महाकाल मंदिर गया था। उसके बाद कोई बात नहीं हुई। शनिवार (15 अक्टूबर) दोपहर 1 बजे बैतूल पुलिस घर आई थी और बताया कि मोनू की मौत हो चुकी है। उज्जैन जिला अस्पताल पहुंच जाएं। माकड़ोन थाना प्रभारी अशोक शर्मा ने पिता-बहन के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया। जिसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिये बैतूल रवाना किया गया।