एक महिला पर दो युवकों का दावा : एक बोला- तीन वर्ष पहले शादी की, दूसरे ने कहा- 8 फरवरी को कोर्ट मैरिज की

ब्रह्मास्त्र गुना

जिले में शादी का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक युवक 15 दिन पहले अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़कर काम पर चला गया। रविवार को उसे उसकी पत्नी दो युवकों के साथ आॅटो में बैठी अस्पताल तरफ जाती दिखी। वह उसके पीछे गया। अस्पताल में उसने पत्नी से पूछा कि यहां कैसे आयी, तो वह उसके साथ बाइक पर बैठकर जाने लगी। इसी दौरान उसके साथ आए दो युवकों ने गाड़ी को रोक लिया। युवक उसे अपनी पत्नी बताने लगा। दोनों महिला पर अपनी-अपनी पत्नी होने का दावा करने लगे। देर शाम तक दोनों के बीच समझौता नहीं हो पाया।
दरअसल, राजगढ़ जिले की सारंगपुर तहसील के रहने वाले विष्णु प्रसाद (25) पुत्र बद्रीलाल मेघवाल की शादी नहीं रही थी। इसी दौरान अशोकनगर जिले में रहने वाले रजनीकांत कुशवाह से उनका संपर्क हुआ। उन्होंने बैतूल जिले की एक 28 वर्षीय लड़की से शादी कराने की बात हुई। शादी कराने के लिए लड़के से 1.30 लाख रुपए नकद देने की बात हुई। विष्णु ने 1.30 लाख रुपए दे दिए। 8 फरवरी को अशोकनगर में दोनों की कोर्ट मैरिज कराई गई। इसके बाद विष्णु अपनी पत्नी को लेकर अपने गांव पहुंचे। यहां 9 फरवरी को उनकी कुलमाता के मंदिर पर फिर से शादी की। हालांकि इस दौरान न तो विष्णु अपनी ससुराल गए और न ही सास-ससुर से बातचीत की। शादी के बाद दोनों साथ रहने लगे। विष्णु ने बताया कि सब कुछ ठीक चल रहा था। इसी दौरान रजनीकांत का विष्णु के पास फोन आया कि लड़की की मां की तबीयत खराब है। वह गुना जिला अस्पताल के वार्ड क्रमांक 26 में भर्ती हैं, इसलिए वह महिला को अपनी मां को दिखाने ले जाए। विष्णु ने अपनी पत्नी से कहा कि वह कम से कम फोन पर अपनी मां से बात कर तबीयत पूछ लें, तो लड़की ने कहा कि उसके पास किसी का नंबर नहीं है।

रविवार को फिर सुबह रजनीकांत का विष्णु के पास कॉल आया कि पत्नी को गुना ले जाये। इस बात पर विष्णु अपने भाई और पत्नी के साथ गुना के लिए निकले। दोपहर को वह बस से गुना पहुंचे। वह अपने साथ बीमार मां के लिए खाना, कंबल वगैरह भी लेकर आये। उन्होंने बताया कि अगर रात-बेरात रुकना पड़े, इसलिए कपड़े और कंबल भी लेकर आये। वह गुना बस स्टैंड पर उतरकर आॅटो से जिला अस्पताल के लिए निकले।

जिला अस्पताल में हैरान करने वाला वाकया हो गया। वे दोनों परिसर में अंदर थे। इसी दौरान विष्णु ने देखा कि उनकी पत्नी को कोई बाइक पर बिठाकर ले जा रहा है। वह दोनों भाई दौड़कर बाहर आये और बाइक को पकड़ लिया। इस दौरान उसका छोटा भाई जमीन पर भी गिर पड़ा, लेकिन उन्होंने दोनों को पकड़ लिया। यहां उनको अचंभा तब हुआ, जब बाइक से आया युवक उसे अपनी पत्नी बताने लगा। वह बोलने लगा कि उसकी शादी इस लड़की से तीन वर्ष पहले हो चुकी है, इसलिए वह उसे बिठाकर ले जा रहा था।