धार में बोलेरो-बाइक में टक्कर, 4 की मौत, हरदा में कांग्रेस नेता के बेटे की शादी में युवक को लगी गोली, मौत

ब्रह्मास्त्र धार

धार के कुक्षी में दर्दनाक हादसा हो गया। लोंगसरी गांव के पास बोलेरो ने बाइक सवार चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में चारों की मौके पर ही मौत हो गई। इससे पहले बोलेरो ने अनियंत्रित होकर अन्य बाइक को टक्कर मारी थी, जिस पर सवार दो लोग घायल हो गए। मृतकों में जंगलिया, इडू, सीताबाई, किशन हैं। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।
हरदा में कांग्रेस नेता के बेटे की शादी में गोली लगने से युवक की मौत हो गई। घटना बुधवार देर शाम की है। यहां सिराली के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नागू पटेल के बेटे की मैरिज गार्डन में शादी थी। बुधवार शाम प्रोसेशन निकाला जा रहा था। इस दौरान बारात में शामिल किसी व्यक्ति के पास लोडेड बंदूक से गोली चल गई। गोली पहटकला निवासी रामनिवास कलम (52) पिता केदारसिंह कलम को लगी। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सिविल सर्जन डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि संभवत: अधिक खून बहने से मौत हुई है। शव को पीएम हाउस में रखवाया गया है। गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। घटना के बाद कांग्रेस नेता अभिजीत शाह समेत अन्य ग्रामीण भी जिला अस्पताल पंहुचे।