बाल सुधार गृह से भागे 8 बाल अपचारी, भागने वाले इंदौर सहित भिंड, रतलाम और भोपाल के

ब्रह्मास्त्र इंदौर

बाल संप्रेषण गृह परदेसीपुरा से एक बार फिर 8 बाल अपचारी फरार हो गए हैं। सभी ने योजनाबद्ध तरीके से भागने की घटना को अंजाम दिया। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे की है। बाल संप्रेषण गृह में 8 में से 4 किशोरों ने पहले चौकीदार और होमगार्ड के जवान को पकड़ा, दोनों सुरक्षा के लिए तैनात थे। इसके बाद अन्य 4 ने अग्निशमन यंत्र से गेट का ताला तोड़ दिया। इसके बाद आठों भाग निकले। संप्रेषण गृह में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं लेकिन किशोरों ने कैमरों का स्विच बंद कर दिया था। घटना की जानकारी बाद में स्टाफ ने हीरानगर पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार भागने वालों में रतलाम, इंदौर, भिंड, भोपाल के किशोर शामिल हैं। सभी अलग-अलग आपराधिक प्रकरण के कारण यहां रह रहे थे। पुलिस सभी को ढूंढ रही है। सभी के गृह जिलों की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है। बता दें कि पिछले साल भी यहां से बाल अपचारी के भागने की घटना हो चुकी है।