मध्‍य प्रदेश में योग की शिक्षा अनिवार्य की जाएगी- योग दिवस पर बोले शिवराज

 

जबलपुर। योग प्रमियों से खचाखच भरे गैरिसन मैदान पर 15,000 से अधिक योगाभ्यासियों ने उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ योग किया। सर्वप्रथम शंखनाद से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बोले- मध्‍य प्रदेश में योग की शिक्षा अनिवार्य की जाएगी।

जीरो बजट वाला हेल्थ इंश्योरेंस है योग- उपराष्ट्रपति

उपराष्ट्रपति ने कहा, ‘हींग लगे, न फिटकरी और रंग चोखा आए, यही योग का मूलमंत्र है। योग किसी व्यक्ति मात्र के लिए नहीं, संपूर्ण मानवता के लिए है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा इतने अधिक वोटों से और कम से कम समय में योग को अंतर्राष्ट्रीय रूप में स्वीकृति देना भारतीय नेतृत्व की दूरदृष्टि की स्वीकृति है। योग जीरो बजट वाला हेल्थ इश्योरेंस (बीमा) है।’
जबलपुर के कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘निरोग रहने के लिए योग करें। यह योग केवल योग दिवस के दिन नहीं करना, बल्कि रोजाना करना है। स्वस्थ रहना भी देश की सबसे बड़ी सेवा है। अस्पतालों में भीड़ क्यों लगाएं। योग करें, स्वस्थ रहें, मस्त रहें। योग जोड़ता है।’ मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा, ‘मध्यप्रदेश के विद्यालयों में योग की शिक्षा अनिवार्य की जाएगी।’

योगा के साथ सात्विक खुराक भी आवश्यक — राज्यपाल

राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने कहा, ‘आजकल के बच्चे पिज्जा खाते हैं, साथ में थम्सअप की बोतल पचाने के लिए रखते हैं। तैलीय पदार्थ और तीखा मत खाओ। योगा के साथ सात्विक खुराक भी आवश्यक है।’