हम्माली के पैसों को लेकर की थी साथी की हत्या

उज्जैन। ग्राम गढ़ी भैंसोला खाचरौद में हुई हत्या का आरोपी बुधवार को पुलिस हिरासत में आ गया। उसने अपने साथी की हत्या हम्माली के पैसों को लेकर की थी। पहले लात-घूसों से पीटा था और बाद में पत्थर से सिर कुचलकर मार डाला था।
खाचरौद टीआई रविन्द्र यादव ने बताया कि 18 जून की शाम ग्राम भैंसोला में रहने वाले बल्लू पिता माधौ बागरी 42 वर्ष का विवाद ग्राम के ही गोविंद मालवीय की दुकान के सामने विष्णु पिता केशुराम से हो गया था। विष्णु ने पहले बल्लू को लात-घूसों से जमकर पीटा था दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हो रहा था। जिसे देख बीच-बचाव करने गोविंद और रामचंद्र पहुंचे तो विष्णु उन्हे भी मारने दौड़ा और जान से मारने की धमकी दी। दोनों मौके से लौट आये थे। उसके बाद माधौ को विष्णु घसीटकर दूर ले गया, जहां उसके सिर पर पत्थरों से हमला किया। सिर में गंभीर चोंट लगने पर बल्लू की मौत हो गई। विष्णु भाग निकला था। दूसरे दिन सुबह बल्लू का शव मिलने पर पुलिस पहुंची तो पता चला कि विष्णु से विवाद हुआ था। मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू की गई। बुधवार को आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि 10 दिन पहले उन्होंने गांव में रहने वाले लालसिंह के यहां मजूदरी की थी। जिसके 800 रुपए लालसिंह ने बल्लू को दिये थे। उसने बल्लू से पैसे मांगे, उसने बाद में देने को कहा इसी बात पर विवाद हुआ था। टीआई यादव के अनुसार आरोपी कुछ दिनों पहले ही जेल से छूटकर आया था। कुछ माह पहले उसने सोसायटी का ताला तोड़कर वारदात की थी, जिसमें गिरफ्तार कर उसे जेल भेजा गया था।