इंदौर में महिलाओं का मटका फोड़ प्रदर्शन, पीने के पानी को भी तरसे, नारे लगे – नगर निगम की गुंडागर्दी नहीं चलेगी , पानी दो – पानी दो

इंदौर। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-2 के वार्ड 30 में पानी की समस्या को लेकर क्षेत्र की महिलाओं ने गुरुवार सुबह हाथों में खाली मटके लेकर प्रदर्शन किया। इन खाली मटकों पर पर्चे चिपकाए गए थे। इन पर लिखा था कि विधायक जी हमें पानी दो…, महापौर जी हमें पानी दो…। महिलाएं वार्ड से निकलकर नगर निगम के विजय नगर स्थित जोन ऑफिस पर पहुंची और वहां प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।

दरअसल, इस वार्ड में काफी समय से जल संकट है। लेकिन निदान नहीं हो रहा है। मामले में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे व पार्षद राजू भदौरिया द्वारा टैंकर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने नगर निगम को भी इससे अवगत कराया है। इसके बावजूद हल नहीं निकल रहा है। इस पर सुबह चौकसे के नेतृत्व में प्रदर्शन की शुरुआत हुई। जोन पर पहुंचने के बाद वहां चौकसे ने माइक संभाला और जमकर नारेबाजी की। उन्होंने विधायक और महापौर विरोधी नारे लगाए। रहवासियों ने भी ‘नगर निगम की गुंडागर्दी नहीं चलेगी, शर्म करो…, हमें पानी दो… पानी दो… निगम प्रशासन मुर्दाबाद, होश में आओ…’ आदि नारे लगाए। रहवासियों ने क्षेत्र में नगर निगम द्वारा किए जा रहे जल प्रदाय में आ रहे गंदे पानी के वीडियो भी अधिकारियों व मीडिया को दिखाए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो महिलाओं ने अधिकारियों के सामने मटके फोड़े।