सीएम श‍िवराज की घोषणा- महेश्वर में अहिल्यादेवी लोक, इंदौर में स्मारक व बोर्ड का गठन करेगी सरकार

भोपाल। उज्जैन के श्री महाकाल महालोक की तर्ज पर राज्य सरकार खरगोन के महेश्वर में मां अहिल्यादेवी लोक और इंदौर में तीन एकड़ भूमि पर अहिल्या स्मारक का निर्माण कराएगी। स्मारक के लिए भूमि आरक्षित कर दी गई है, निर्माण लोक निर्माण विभाग करेगा।

मां अहिल्या ने धर्म की संस्थापना के लिए लिया था जन्म

मां की प्रेरणा से ही हमने महाकाल महालोक बनाया। हमने फैसला लिया है कि इंदौर में मां अहिल्या का विशाल स्मारक तथा महेश्वर में मां अहिल्या देवी लोक बनाया जाएगा।
रविवार को अपने आवास में आयोजित अखिल भारतीय पाल महासभा के सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि मां अहिल्या देवी की जयंती पर मध्य प्रदेश में ऐच्छिक अवकाश भी रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मेहनतकश नागरिकों के विकास एवं कल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। समाज के सभी वर्गों के विकास के प्रयास निरंतर होंगे। पाल समाज परिश्रमी है। कृषि, पशुपालन और अन्य कार्यों से जुड़े समाज को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। मां अहिल्यादेवी जैसी शासिका नहीं मिल सकती।
उन्होंने बद्रीनाथ से रामेश्वरम तक मंदिरों का जीर्णोद्धार किया। वे सुशासन की प्रतीक थीं। उन्होंने धर्म की संस्थापना के लिए जन्म लिया था। आज मां अहिल्यादेवी की पालकी कंधे पर उठाने का सौभाग्य मिला। वे हम सभी को सुशासन की प्रेरणा देती हैं।
चौहान ने सम्मेलन प्रारंभ होने पर मां अहिल्यादेवी की पालकी को कंधे पर उठाया। राज्य इलेक्ट्रानिक विकास निगम के अध्यक्ष एवं महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैतान सिंह और अन्य जनप्रतिनिधियों ने साफा-पगड़ी पहनाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। चौहान ने भी पाल समाज के बंधुओं का पुष्प-वर्षा से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वे पाल समाज द्वारा दिए गए सम्मान को बनाए रखेंगे और नागरिकों के सम्मान को भी सुनिश्चित करेंगे। नागरिकों की राह में कोई कांटा नहीं आने देंगे।