ईद की खुशी मातम में बदली- उज्जैन- सांवेर रोड पर दुर्घटना, दोपहर में माँ ने और देर रात बच्चे ने दम तोड़ा

उज्जैन। इंदौर के चंदन नगर में रहने वाला एक परिवार उज्जैन में रहने वाली बहन के यहां ईद मनाने गया था। रविवार को ये लोग एक्टिवा पर इंदौर लौट रहे थे, तभी इनकी एक्टिवा को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में महिला की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं पति और 7 साल के बेटे को चोट आई। परिजन पोस्टमॉर्टम के बाद महिला को रात 11 बजे कब्रिस्तान ले गए। इसी बीच बेटे को पेट दर्द होने लगा तो उसे अस्पताल ले गए। वहां देर रात 3 बजे बच्चे ने भी दम तोड़ दिया।
चंदन नगर पुलिस के अनुसार मृत महिला का नाम रानो बी (35) पति सलीम अब्बासी निवासी केशव नगर और इनका 7 साल का बेटा अरमान उर्फ अनस है। सलीम घायल है। हादसा उज्जैन-सांवेर के बीच रविवार दोपहर 1 बजे हुआ। रानो के भाई मो. सादिक ने बताया कि जीजा परिवार को लेकर उज्जैन में रहने वाली बहन के घर आया था। तभी सांवेर थाना क्षेत्र के बायपास पर वे हादसे का शिकार हो गए। टक्कर से रानो के सिर में अंदरूनी और गंभीर चोट लगी थी। इसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अरमान व जीजा को ज्यादा चोट नहींं दिख रही थी। लोगों ने दोनों घायलों को सांवेर के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। वहां से सलीम ने घर वालों को सूचना दी। इधर, पुलिस ने सांवेर अस्पताल में रानो बी का पोस्टमॉर्टम करवाया तब तक बच्चे की हालत ठीक दिख रही थी। उसे बाहरी कोई चोट लगी दिख नहीं रही थी। उसकी मां को दफनाने के चार घंटे बाद बच्चे को पेटदर्द हुआ तो अस्पताल ले गए। वहां उसने दम तोड़ दिया। सोमवार सुबह उसका पीएम करवाकर श‌व परिजन को सौंपा गया।