प्रियंका के दौरे के पहले आपस में भिड़े कांग्रेसी, जमकर चले लात-घूंसे

पूर्व मंत्री के भतीजे की कार में तोड़फोड़, कांग्रेस नेता लाठी-हॉकी लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े

ग्वालियर। यहां कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के दौरे से पहले पार्टी नेताओं के दो गुटों में मारपीट हो गई। जमकर लात-घूंसे चले। लाठी और हॉकी का भी इस्तेमाल किया गया। एक गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी गई।
प्रियंका गांधी वाड्रा 22 जुलाई को ग्वालियर में सभा करेंगी। इसकी तैयारियों का जायजा लेने पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह बुधवार को ग्वालियर पहुंचे। होटल सेंट्रल पार्क में उनके स्वागत के लिए स्थानीय नेता-कार्यकर्ता इकट्‌ठे हुए थे। इसी दौरान दो गुट आपस में भिड़ गए। एक गुट ने पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव के भतीजे संजय सिंह यादव की कार के शीशे फोड़ दिए। बाद में वरिष्ठ नेताओं ने झगड़ा शांत कराया।
पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा, ‘स्वागत के दौरान दो पक्षों में धक्का-मुक्की से झगड़ा हो गया था। यह बात गलत है। ऐसा नहीं होना चाहिए था। हमने दोनों पक्षों से बात की है और उनको समझाया है।’

कहासुनी से मारपीट तक पहुंची नौबत

पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के सामने ही संजय सिंह यादव के समर्थकों का थाटीपुर के कांग्रेस नेता माठू यादव के साथ विवाद हो गया। दोनों गुटों के बीच हाथापाई होने लगी। बात यहीं तक नहीं थमी। झूमाझटकी के बाद लाठी और हॉकी भी चलीं।
जैसे ही कार्यकर्ताओं में मारपीट की जानकारी पूर्व मंत्री लाखन सिंह और अशोक सिंह को मिली, वे तत्काल बाहर आए और दोनों पक्षों को शांत कराया।