प्रशिक्षण प्राप्त करने आये विद्यार्थियों की बिगड़ी तबीयत

उज्जैन। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल शासकीय योजना का प्रशिक्षण प्राप्त करने आये 15 से अधिक छात्र-छात्राओं की शुक्रवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। उल्टी-दस्त और बुखार होने पर उन्हे सभी को निजी क्लीनिक में भर्ती किया गया। जहां से 2 को जिला अस्पताल भेजा गया।
इंदौररोड तपोभूमि के समीप प्रशांति इंस्टीट्यूट में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल शासकीय योजना का प्रशिक्षण प्रदेशभर से आये छात्र-छात्राओं को दिया जा रहा है। सभी विद्यार्थी इंस्टीट्यूट के हॉस्टल में रह रहे है। शुक्रवार रात एक के बाद एक छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ना शुरू हो गई। सभी को उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत थी। 15 से अधिक विद्याथियों की एक साथ बिगड़ी तबीयत के बाद उन्हे समीप के निजी क्लीनिक उपचार के लिये ले जाया गया। जहां करीब 8 से 10 को भर्ती किया गया। 2 को जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं शेष को प्राथमिक उपचार दिया गया। प्रशिक्षण सेंटर के मैनेजर अभिषेक शर्मा ने बताया कि नई बेच बुरहानपुर, हरदा और राजगढ़ से आई है। उन्हीं की तबीयत बिगड़ी है।
हॉस्टल में करीब 150 से अधिक विद्यार्थी है। वही बीमार छात्र-छात्राओं का उपचार कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि दूषित पानी की वजह से ऐसा हुआ है। सभी की हालत खतरे से बाहर है। स्वास्थ्य में सुधार होने पर छुट्टी कर दी जायेगी।