चारधाम पार्किंग के पास मैजिक चालक का हंगामा

उज्जैन। चारधाम पार्किंग के पास मंगलवार सुबह मैजिक चालक ने जमकर हंगामा किया। उसने यातायात के हेड कांस्टेबल की कॉलर पकड़ ली। थाना पुलिस के साथ अभद्रता की। उसे बमुश्किल पकड़ा गया और महाकाल थाने लाया गया।
बताया जा रहा है कि चारधाम पार्किंग के पास यातायात हेड कांस्टेबल का पाइंट लगा था। चारधाम से महाकाल मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर बेरिकेट्स लगे थे। उसी दौरान मैजिक क्रमांक एमपी 13 टीए 1041 का चालक आया और बेरिकेट्स से मैजिक को टक्कर मार दी। हेड कांस्टेबल ने मैजिक पीछे करने को कहा। चालक भड़क गया और उसने हंगामा करते हुये कांस्टेबल की कॉलर पकड़ ली। उसका हंगाम बढ़ता देख महाकाल थाना पुलिस को सूचना दी गई। उपनिरीक्षक बीएस निगवाल और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। मैजिक चालक ने उनके साथ भी अभद्रता की और भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा कर नृसिंहघाट के पास से पकड़ा और काबू कर महाकाल थाने लगाया गया। वहां भी उसने जमकर हंगामा किया। मैजिक जब्त की गई है। चालक नशे में होना बताया गया है, जो बुधवारिया का रहने वाला मोनू लश्करी है। देर शाम तक पुलिस ने उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज नहीं किया था। यातायात हेड कांस्टेबल शिकायत लेकर थाने पहुंचा था। एसपी सचिन शर्मा का कहना था कि जांच की जा रही है। मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी।