भिवाड़ी की शादीशुदा अंजू प्रेमी से मिलने पाकिस्तान पहुंची, पति से कहा था- सहेली से मिलने जा रही हूं, पाक नागरिक बोला- शादी करेंगे

ब्रह्मास्त्र भिवाड़ी

पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर जैसा एक मामला अलवर के भिवाड़ी में सामने आया है। लेकिन इस बार भारत की लड़की पाकिस्तान पहुंची है। टेरा एलिगेंसी सोसाइटी में रहने वाली अंजू (33) सोशल मीडिया पर दोस्त बने नसरूल्लाह से मिलने के लिए पाकिस्तान पहुंच गई। नसरुल्लाह ने मीडिया से कहा है कि वो अंजू से शादी करेगा। अंजू सगाई के कुछ दिन बाद इंडिया जाएगी और फिर वापस पाकिस्तान आएगी।

जानकारी के मुताबिक, अंजू अपने पति अरविंद कुमार के साथ दो साल से टेरा एलिगेंसी सोसाइटी में रह रही है। उसकी 15 साल की एक लड़की और 6 साल का लड़का है। इन दोनों को ही नहीं पता कि उनकी मां पाकिस्तान चली गई है। पुलिस और सीआईडी की टीमें अब इस केस की जांच कर रही हैं। एसपी विकास शर्मा ने बताया कि महिला के पति या किसी और ने कोई एफआईआर या लिखित शिकायत नहीं है।

2020 में ही बनवा लिया था पासपोर्ट
पहले अंजू अपने परिवार के साथ भिवाड़ी के यूआईटी सेक्टर-7 में रहती थी। कुछ समय यहां के एच टावर में फ्लैट नंबर 704 में किराए पर रही और यहीं से 2020 में पासपोर्ट बनवाया। अंजू ने पाकिस्तान जाने के लिए 21 जून को आवेदन किया था। पाकिस्तान जाने से पहले वह आई टावर में 903 फ्लैट में रह रही थी। अंजू टू व्हीलर कंपनी में काम करती है। पति इंडो कंपनी में काम करते हैं। प्रेम में पाकिस्तान पहुंची अंजू के पति अरविंद ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से बलिया (यूपी) का रहने वाला है। पत्नी ग्वालियर (मध्य प्रदेश) की रहने वाली है। दोनों की शादी 2007 में हुई थी। अरविंद मूलत: क्रिश्चियन हैं जबकि अंजू हिंदू। अंजू ने शादी के बाद अपना धर्म परिवर्तन कर लिया।