सीएम राइज स्कूल में गायत्री मंत्र पर लगाई रोक, प्रार्थना में बच्चों को प्राचार्य ने लगाई डांट

 

राजगढ़। जिले की सीएम राइज स्कूल में बुधवार को गायत्री मंत्र पर रोक लगा दी। बच्चे प्रार्थना के बाद गायत्री मंत्र का उच्चारण कर रहे थे।
यह सुनकर प्राचार्य ने बच्चों से कहा कि इस मंत्र को बोलने का किसने कहा है? जब बच्चों को डांटा जा रहा था तभी वहां खड़े एक शिक्षक ने इसका वीडियो बना लिया। यह देख प्राचार्य ने युवक से कहा कि इसे डिलीट कर दें लेकिन शिक्षक ने वीडियो वायरल कर दिया। इधर, बच्चों का कहना है कि वे पहले से यह प्रार्थना करते आए हैं। रोज की तरह आज भी हमने अपनी मर्जी से इन मंत्रों का जाप किया था।

वीडियो बनाने वाले युवक को लगाई फटकार

राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्थित सीएम राइज स्कूल में रोज की तरह बुधवार को भी सुबह प्रार्थना चल रही थी। सभी बच्चे सुबह सवेरे लेकर तेरा नाम, प्रभु करते हैं हम शुरू आज का काम गा रहे थे। प्रार्थना के तुरंत बाद रोज की तरह गायत्री मंत्र दोहराया जाने लगा। गायत्री मंत्र का उच्चारण शुरू होते ही शिक्षिका माजिदा कुरैशी पीछे से चलकर आगे आई, उन्होंने प्राचार्य के कान में कुछ कहा। उसके बाद प्राचार्य दुष्यंत राणा ने सभी बच्चों को डांट लगाकर कहा कि किसने कहा है तुमसे यह बोलने को? वे यहीं नहीं रुके उन्होंने वहां वीडियो बनाने वाले युवक को जमकर फटकार लगाई।
गायत्री मंत्र का उच्चारण शुरू होते ही एक शिक्षिका ने प्राचार्य के कान में कुछ कहा। उसके बाद प्राचार्य दुष्यंत राणा ने सभी बच्चों को डांट लगा दी।

यहां राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत कराओ: प्राचार्य

प्राचार्य दुष्यंत राणा का कहना है कि मंगलवार तक गायत्री मंत्र बोला जाता था, लेकिन अब नहीं बोला जाएगा ऐसा ऊपर से निर्देश आए हैं। पहले गायत्री मंत्र, महा मृत्युंजय मंत्र सभी बोले जाते थे। किसी का निजी उद्देश्य कुछ भी हो। मैं जब पिछले साल आया, तब देखा कि यहां गायत्री मंत्र का उच्चारण करवाया जाता है। इस साल मैंने बैठक लेकर रोक लगाने की कही।

प्राचार्य ने कहा- 4 शिक्षकों ने बच्चों को उकसाया

प्राचार्य ने कहा कि यह एक सरकारी स्कूल है। यहां धार्मिक गतिविधि पर प्रतिबंध है। यह सबको पता है। कल हमने एक बैठक की थी जिसमें यह तय किया गया था कि यहां राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और एक प्रेरक गीत ही करवाया जाएगा।

इसके बाद उन्होंने बच्चों को उकसा कर गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय जाप के अलावा अन्य हिंदू धर्म से जुड़े श्लोक का पाठ कराया गया। यही नहीं उन्होंने समय से पहले प्रार्थना भी करा दी ताकी मैं मौजूद नहीं रहूं। जब मैंने मना किया तब जाकर बच्चे चुप हुए। इस बीच एक शिक्षक हरिश सक्सेना ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी करण सिंह भिलाला ने कहा कि मामला सामने आने के बाद मैंने बीईओ को जांच के लिए भेजा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करेंगे।

स्कूल में 192 बच्चे अध्ययनरत

सीएम राइज स्कूल ब्यावरा में 192 बच्चे अध्ययनरत हैं। जिसमें दो मुस्लिम बच्चे भी शामिल है। स्कूल खोला गया तब से यहां प्रार्थना के अंत में गायत्री मंत्र बोला जाता है।