कमलनाथ ने किए किसानों से 5 बड़े वादे, पूर्व मुख्यमंत्री बोले – भाजपा सरकार ने कर्ज कहां खर्च किया ? जांच करेंगे, नरोत्तम बोले- हम जैकलीन को नहीं लाए, क्या जांच करोगे

 

 

भोपाल। चुनावी वर्ष में पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने किसानों को लुभाने के लिए पांच घोषणाएं कर दी। इसके साथ ही कमलनाथ ने बुधवार को कहा कि भाजपा सरकार ने जो कर्ज लिया है, वो खर्च कहां हुआ? हम सरकार में आकर इसकी जांच करेंगे। हमें कर्ज का हिसाब चाहिए।’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हम नर्मदा सेवा सेना बना रहे हैं। यह गैर राजनीतिक है। 28 इलाकों में जहां से नर्मदा गुजरती है, वहां सदस्य बनाए जाएंगे। सीएम शिवराज सिंह चौहान भी इसके सदस्य बन सकते हैं, मुझे ऐतराज नहीं है। अगर वे मान जाएं कि नर्मदा में रेत का धंधा बंद हो जाएगा तो मैं शिवराज सिंह को भी इसका सदस्य बनने के लिए आमंत्रित करता हूं।’
कमलनाथ के बयान पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भोपाल में अपने आवास पर कहा कि ‘हमने कोई भी आईफा अवॉर्ड नहीं कराया, न हम जैकलीन को लाए, न सलमान को लाए, क्या जांच कराओगे ?’ नर्मदा सेवा सेना बनाने की घोषणा पर गृहमंत्री बोले, ‘कमलनाथ जब मुख्यमंत्री थे, तब नर्मदा में खूब अवैध खनन हुआ।’

कमलनाथ के किसानों से किए 5 वादे

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में किसानों से 5 वादे भी किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर हम इन्हें लागू करेंगे।
ये वादे हैं- 5 हॉर्स पावर तक के सिंचाई पंपों के बिजली बिल माफ।
बिजली का बकाया बिल माफ।किसानों का कर्ज होगा माफ।आंदोलनों के दौरान दर्ज केस वापस लिए जाएंगे। 12 घंटे निर्बाध बिजली दी जाएगी।

कृषि न्याय योजना लाएंगे

​पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, ‘प्रदेश में किसानों की आय कम हुई है। किसान कर्जदार हो गए हैं। कर्ज लगातार बढ़ रहा है। यह नीति आयोग की रिपोर्ट है। भाजपा कहती है कि हम ब्याज माफ करेंगे। ब्याज माफ कर देने से किसान को राहत मिलेगी, लेकिन वह कर्जदार बना रहेगा। ब्याज चलता रहेगा।’ पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, हमने इन सब पर अध्ययन कर यह तय किया है कि हम कृषि न्याय योजना लाएंगे। पिछली सरकार में हमने किसानों का कर्ज माफ करने की नीति बनाई थी। पहली किस्त में 27 लाख किसानों का कर्ज माफ भी कर दिया था। कर्ज माफी की जो घोषणा हमने की थी, उसे चलाते रहेंगे। दूसरी-तीसरी किस्त में कर्ज माफी करेंगे।