इंदौर : सुबह से छाए बादल, हल्की फुहारों से मौसम हुआ खुशनुमा

इंदौर। सोमवार सुबह शहर में हल्के बादल छाए और वर्षा की फुहारों से मौसम खुशनुमा बना रहा। सुबह पश्चिमी दक्षिण पश्चिमी हवाएं अधिकतम 25 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली। सुबह धुंध का भी असर रहा और न्यूनतम दशार्ता 1500 मीटर तक दर्ज की गई। सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 21.4 डिग्री दर्ज किया गया। एयरपोर्ट स्टेट वेदर स्टेशन पर पिछले 24 घंटे में 2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में इंदौर जिले में सांवेर तहसील में सर्वाधिक 18.6 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई। देपालपुर में 4.8 मिलीमीटर, हातोद में 5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
रविवार को भी छाए रहे बादल
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आज इंदौर शहर में बादल छाए रहेंगे और दिन भर हल्की बूंदाबांदी और हल्की वर्षा होने के आसार है। गौरतलब है कि रविवार को दिन भर बादल छाए रहे और सुबह कुछ समय के लिए वर्षा की तेज बौछारे पड़ी। दिन में रुक रुककर वर्षा की हल्की फुहारों के कारण मौसम खुशनुमा बना रहा। दिन में पश्चिमी उत्तर पश्चिमी हवाएं 13 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली।
यहां बना है कम दबाव का क्षेत्र
रविवार को बादलों के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 26 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जो जल्द ही उत्तर की ओर शिफ्ट होगा। वही एक मानसून द्रोणिका जेसलमेर, कोटा, उत्तर मध्य प्रदेश, रायपुर से बंगाल की खाड़ी तक जा रही हैं। इसके असर से सोमवार को जिले के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा होने की संभावना है।