चन्द्रयान-3 की सफलता पर नगर में मनाया जश्न सफल लैंडिंग के बाद उत्साह के साथ युवाओं ने भारत माता के जयकारों के साथ की आतिशबाजी

शुजालपुर ।  इसरों का मिशन चन्द्रयान-3 की सफलता पर क्षेत्र में भी नागरिकों ने उत्साह जताते हुए जश्न मनाया। चंद्रमा के साउथ पोल पर चन्द्रयान-3 की सफलता पूर्वक लैंडिंग होने की खबर के साथ ही नगर के प्रमुख मार्गों पर युवाओं ने आतिशबाजी करते हुए देश के वैज्ञानिकों को इस उपलब्धि पर बधाई दी और नागरिकों के बीच मिठाई का वितरण किया। खगोलीय रूप से बहुत ही महत्वपूर्ण माने जाने वाले चन्द्रयान-3 के मिशन के अंतिम पलों को देखने और चन्द्रमा पर लैंडिंग के दौरान होने वाली गतिविधि को देखने के लिए नागरिक शाम को टीवी व मोबाइल पर जमे रहे। शाम को जैसे ही लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान वाला एलएम चन्द्रमा की दक्षिणी सतह पर उतरा तो नागरिकों का सीना भी गर्व से फूल गया। नगर में पुलिस चौकी चौराहा, टेम्पो चौराहा सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर युवाओं ने देश के वैज्ञानिकों की इस सफलता पर आतिशबाजी करते बधाई दी।
रुनिजा
चन्द्रायान की सफलता जे लिए पूरे देश के साथ ग्रामीण अंचलों में भी उत्साह व उंमग के सफलता की कामना के किये अनुष्ठान, हवन, पूजन के आयोजन दिन पूर्व से ही प्रारम्भ हो चुके थे। चामुण्डा धाम गजनीखेड़ी मन्दिर के पूजारी पवन गिरी गोस्वामी व माता भक्तों द्वरा विशेष पूजा कर सफलता की कामना की। पूरे ग्राम वासियों ने 5 दिवसीय अखंड रामायण का पारायण बुधेश्वर महादेव मंदिर पर किया गया। इसी कड़ी में बड़नगर मां भगवती ग्राम भारती शिक्षा समिति द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर सुंदराबाद में मां सरस्वती की पूजन और द्विप प्रज्वलित कर चंद्रयान-3 के लिए सभी बच्चों और आचार्य परिवार ने मिलकर सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया।
कानड़
चंद्रयान-3 मिशन के जरिए भारत ने इतिहास रच दिया है भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चंद्रयान-3 मिशन का लैंडर मॉड्यूल ने चंद्रमा की सतह पर सफलता पूर्वक लैंडिंग कर देश के वैज्ञानिकों ने दुनिया को भारत की असीमित क्षमता का परिचय दिया। लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान से युक्त लैंडर मॉड्यूल आज शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग कर इतिहास रच दिया साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया।