श्रावण के आखिरी दिनों में कई शुभ  मुहूर्त, 31 अगस्त तक करें खरीदी

 

– 5 दिन पूजा-पाठ, व्रत व दान के साथ बाजार से खरीदी कर सकते हैं

 

दैनिक अवंतिका उज्जैन। 

श्रावण का महीना अब खत्म होने को है। इसके आखिरी 5 दिनों में कई शुभ मुहूर्त आ रहे हैं जिसमें लोग पूजा-पाठ से लेकर बाजार से खरीदी भी कर सकते हैं। 31 अगस्त को श्रावण मास खत्म हो रहा है। 

उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. अमर डब्बावाला ने बताया कि श्रावण के आखिरी दिनों में तिथि, वार, नक्षत्र और ग्रहों की स्थिति से कई शुभ योग बन रहे हैं। जिनमें खरीदारी, निवेश और नए कामों की शुरुआत करना शुभ रहेगा। साथ ही इस महीने प्रॉपर्टी और व्हीकल खरीदारी के साथ ही रियल स्टेट में निवेश के लिए भी कई शुभ मुहूर्त है।

श्रावण में दक्षिणायन और देवशयन 

फिर भी खरीदारी के आए है मुहूर्त

सूर्य के कर्क राशि में आने के बाद दक्षिणायन शुरू हो गया। जो अगले 6 महीने तक रहेगा। अभी चातुर्मास चलने से देवशयन भी है। इसके बावजूद इन शुभ मुहूर्त में खरीदारी की जा सकती है। पुराणों में बताया है दक्षिणायन, देवशयन और अधिक मास के दौरान भी पूजा व खरीदारी में कोई दोष नहीं है। यह दोनों कार्य पूरे साल किए जा सकते हैं। पितृपक्ष, खरमास, धनुर्मास में भी लोग यह दोनों कार्य कर सकते हैं।

इन 5 दिन पूजा व खरीदारी 

के लिए विशेष मुहूर्त आ रहे हैं 

– 27 अगस्त को पवित्रा एकादशी पर्व रहेगा। यह दिन भी धार्मिक दृष्टि से पूजा, व्रत व खरीदी के लिए शुभ रहेगा। 

– 28 अगस्त श्रावण सोमवार रहेगा तथा इस दिन प्रदोष भी है। सोम प्रदोष के संयोग में खरीदी शुभ मानी जाती है। 

– 29 अगस्त को भी मंगला गौरी व्रत के साथ ओणम पर्व है। पूजा से लेकर खरीदारी इस दिन भी शुभ ही है। 

– 30 अगस्त को तो श्रावण शुक्ल पूर्णिमा होने से तो यह पूरा दिन ही शुभ है। वाहन खरीदी के लिए विशेष मुहूर्त होगा। 

– 31 अगस्त को भी सुबह पूर्णिमा तिथि रहेगी। दान-पुण्य, तीर्थ स्नान के साथ ही इस दिन भी व्हीकल खरीद सकते हैं।