पुलिस की धमकी के डर से युवक ने फांसी लगाकर दे दी जान

इंदौर। पंचशील नगर में राहुल कदम ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। राहुल को आजाद नगर थाना के पुलिस वाले ढूंढ रहे थे। गिरफ्तारी के डर से उसने जान ही दे दी। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। पुलिस का दावा है कि राहुल शराब पीता था। घटना के वक्त भी वह नशे में था। 28 वर्षीय रहुल पुत्र गिरधारीलाल कपड़े की दुकान पर नौकरी करता था। गुरुवार को उसने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। भाई बलराम के मुताबिक, राहुल का जय से विवाद हुआ था। जय की शिकायत पर पुलिस वाले उसे ढूंढते हुए घर तक आ गए। उन्होंने स्वजन से कहा था कि राहुल को थाने भिजवा देना वरना पुलिस वाले दोबारा आएंगे। गिरफ्तारी के तनाव में राहुल ने फांसी लगा ली।
पुलिस वाले घर नहीं गए थे : टीआइ नीरज मेढा के मुताबिक, जय का मेडिकल परीक्षण करवाकर अदमचेक (एनसीआर) दर्ज की थी। पुलिसवाले घर नहीं गए थे। राहुल शराब पीता था। उसके परिवार में भी कलह हुई थी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
पूरक परीक्षा में पास करवाने के नाम पर छात्र से 70 हजार रुपये ठगे, दो आरोपितों पर केस दर्ज
इंदौर। जूनी इंदौर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपितों ने छात्र को पास करवाने के नाम पर 70 हजार रुपये ठग लिए थे। पुलिस के मुताबिक, सुदामा नगर निवासी प्रद्युम्न कुरील ने आरोपित हिमांशु जोशी निवासी आदर्श नगर शाजापुर और उसके भाई शुभम के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। कुरील ने पुलिस को बताया कि उसे पूरक आई थी। आरोपी हिमांशु ने स्वयं को प्रोफेसर बताया और कहा कि वह पास करवा देगा। आरोपी ने 70 हजार रुपये ले लिए। परिणाम आने पर प्रद्युम्न फेल हो गया। उसने रुपये मांगे तो आरोपी ने धमकाया।

पुलिस की गश्त के बीच में लूट
इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में बाइक सवारों ने फोन लूट लिया। लूट के वक्त पुलिसवाले काम्बिंग गश्त कर रहे थे। पुलिस अभी तक आरोपितों को नहीं पकड़ पाई है। डिवाइन ग्रीन कालोनी (निपानिया) निवासी ऋतिक राजपूत मां भगवती क्लिनिक पर नौकरी करता है। मंगलवार रात ८ बजे फोन पर बात करते हुए स्कीम-78 में सिका स्कूल की तरफ जा रहा था। काले रंग की बाइक पर आए दो बदमाश मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट सहित दो व्यापारी गिरफ्तार
इंदौर। क्राइम ब्रांच व कोतवाली थाना पुलिस ने दो व्यापारियों को प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपितों से सिगरेट के 120 बाक्स बरामद हुए हैं। एडीसीपी (अपराध) राजेश दंडोतिया के मुताबिक, आरोपितों के नाम दीपक वसाइनी निवासी पैलेस कालोनी और कैलाश नागपाल निवासी माणिकबाग रोड़ है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को वेयर हाउस सियागंज रोड़ स्थित भारत ट्रेडर्स से पकड़ा है। पुलिस ने अलग-अलग ब्रांड के सिगरेट के 120 बाक्स बरामद किए हैं।