महाराष्ट्र में उग्र हुआ मराठा आंदोलन, 19 बसें फूंकीं

मुंबई। महाराष्ट्र के जालना जिले में मराठा आरक्षण की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस लाठीचार्ज के बाद पूरे राज्य में माहौल गरमा गया है। मराठा समुदाय लाठीचार्ज के खिलाफ आक्रामक हो गया है। आरोप है कि उग्र प्रदर्शनकारियों ने अलग-अलग जगहों पर महाराष्ट्र परिवहन की दर्जनों बसों को निशाना बनाया है। जालना में लाठीचार्ज की घटना के बाद महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की 19 बसों में तोडफोड़ की गई और उन्हें आग लगा दी गई। अधिकारियों ने बताया कि एसटी निगम को इससे करीब 4 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। रविवार को भी तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए जालना समेत मराठवाडा के कई हिस्सों में बस सेवा बंद रखी गई है।

मराठा प्रदर्शनकारी जालना के अंबड तालुक में अंतरावाली सराटी गांव में आरक्षण की मांग को लेकर कई दिनों से अनशन पर बैठे थे। 1 सितंबर को जालना पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और हवाई फायरिंग की। इस दौरान उग्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव भी किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। इस घटना के बाद राज्यभर में मराठा प्रदर्शनकारी आक्रामक हो गये।