शुजालपुर : प्रजा का हाल जानने निकले बाबा महाकाल अगवानी में दुल्हन की तरह सजा शहर, शोभायात्रा का कई स्थानों पर स्वागत किया गया देर रात तक चला आयोजन

शुजालपुर ।  भूत-भावन भगवान महाकाल की शोभायात्रा सोमवार को शहर में परंपरागत रूप से निकली। इस यात्रा के लिए सवारी मार्गों को दुल्हन की तरह सजाया। बाबा के भक्तों ने उत्साह के साथ आयोजन में भाग लिया। ढोल नगाड़ों, संगीत पार्टी, डीजे, तोप की गूंज तथा महाकाल के जयकरों के बीच भगवान भोलेनाथ की यह शोभायात्रा देर रात तक चली।
इस शोभायात्रा में बाबा महाकाल की अगवानी में जनसैलाब उमड़ा। शोभायात्रा में विभिन्न अखाड़ों के पहलवानों ने हेरत अंगेज करतब दिखाए। साथ ही भजन मंडलियों ने भी आकर्षक प्रस्तुतियां दी। बाबा महाकाल की इस शोभायात्रा में धार्मिक भजनों की प्रस्तुतियां भी हुई।
रायकनपुरा स्थित श्री हनुमान मंदिर से शोभायात्रा शाम को पूजा अर्चना के साथ प्रारंभ हुई। मंदिर में स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री इंदरसिंह परमार, नपा अध्यक्ष बबीता बेनीप्रसाद परमार सहित समिति के पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने भगवान की पूजा अर्चना की। यह शोभायात्रा माँ काली मंदिर चौराहा, पचोर रोड से भीमपुरा, आनन्द विद्या मंदिर, छोटा बाजार, बड़े बाजार के लिए रवाना हुई। यह शोभायात्रा देर रात जारी रही जिसमें हेरत अंगेज कारनामों का प्रदर्शन भी हुआ।