जन आशीर्वाद यात्रा में जनता रही दूर, भाजपाई भी गायब

उज्जैन ।  भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को उज्जैन शहर की जनता आशीर्वाद देने की बजाय कोसती दिखाई दी। शासकीय मशीनरी का दुरूपयोग करने के बावजूद इस यात्रा में जनता ने तो कोई रूचि नहीं दिखाई वहीं कार्यकतार्ओं का भी टोटा नजर आया। यात्रा में पुलिस प्रशासन की बड़ी संख्या को देखकर के भी नागरिक आश्रयचकित थे।
शहर कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष रवि राय ने कहा कि भाजपा नेताओं को जनता के आक्रोश का अनुमान रहा होगा इसी कारण कमांडो की ड्रेस में बहुत सारे पुलिस के अधिकारियों सहित सिपाही लगा रखे थे। नगर निगम के अधिकारियों एंव कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई और पूरी यात्रा मार्ग पर शासकीय व्यवस्था सुनिश्चित की गई। जबकि यह शुद्ध रूप से भारतीय जनता पार्टी की यात्रा थी। जो भारतीय जनता पार्टी के झंडा तले निकाली गई। शासकीय व्यवस्था को जुटाकर यात्रा निकालकर आखिरकार भारतीय जनता पार्टी ने इस बार भी साबित कर दिया कि वह जनता के दिए गए टैक्स पर कार्य करने वाले कर्मचारियों अधिकारियों को जुटा करके जन समर्थन हासिल करना चाहती है।
रवि राय ने कहा कि शाम 5 बजे से निकास चौराहे पर जमे भाजपाई रात करीब 8 बजे जनता का आशीर्वाद लेने निकले। रात के अंधेरे में कई भाजपाई निकास चौराहे से ही गायब हो गए, 100-50 लोगों के कुछ समूह जरूर यात्रा में अलग-अलग दिखाई दिये। भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा में जनता तो बहुत दूर थी। वहीं दूसरी ओर पूरी शासकीय मशीनरी लगाई गई और शहर के तमाम लोगों से जबर्दस्ती स्वागत कराने का प्रयास किया गया।