महिदपुर में लगातार तीसरी बार भी भाजपा जीतेगी-पवैया

महिदपुर ।  पूरे मध्यप्रदेश में जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान छोटे कस्बे में अगर सबसे ज्यादा कही कार्यकर्ता देखने को मिले है, तो वह महिदपुर शहर है। ऐसे में कार्यकतार्ओं के उत्साह को देखते हुए मुझे यह लग रहा है कि महिदपुर में लगातार तीसरी बार भी कांग्रेस पार्टी की जमानत जप्त होगी। यह बात कृषि उपज मंडी में आयोजित मुख्य सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभानसिंह पवैया ने कही है। मंच पर सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक बहादुरसिंह चौहान, जिलाध्यक्ष बहादुरसिंह बोरमुंडला सहित जिले भर में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजुद रहे। पंडित दीनदयाल के चित्र पर माल्यार्पण कर सभा की शुरूआत हुई। जिसके बाद महिदपुर रोड, झारडा, महिदपुर नगर और ग्रामीण मंडल द्वारा अतिथियों का स्वागत किया। सभा से पहले जन आशीर्वाद यात्रा शहर में पुराने बस स्टैंड से प्रारंभ हुई जो भगतसिंह चौहान, चौक बाजार, अम्बेडकर चौक होती हुई कृषि उपज मंडी पहुंची। हजारों की तादात में भाजपा कार्यकर्ता ने जन आशीर्वाद यात्रा का स्वागत किया। भाजपा नेता पवैया और विधायक चौहान ने जनता का अभिवादन किया। साथ ही उनकी मांगों को भी सुना। सभा को सांसद अनिल फिरोजिया और विधायक चौहान ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन शिवनारायण सूर्यवंशी ने किया। आभार उमा पांडे ने माना।

150 सीटें भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश में आएगी
जनभानसिंह पवैया ने कार्यकतार्ओं को जानकारी देते हुए बताया कि इस बार के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की 150 सीटें आएंगी। साथ ही बीजेपी प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएंगी। लेकिन कांग्रेस नेता कमलनाथ सर्वे के चक्कर में उलझ गए है। जबकि जनता का अपार जन आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा है। पवैया ने कहा कि देश का यह स्वर्णीम काल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हर व्यक्ति, हर समाज और हर वर्ग के हितों में काम कर रहे है।
गांव-गांव से निकली जनआशीर्वाद यात्रा
जनआशीर्वाद यात्रा डुंगरिया फंटे से प्रारंभ हुई। जिसके बाद झुटावद, बपैया होती हुई महिदपुर रोड पहुंची। जहां पर रथ सभा का आयोजन किया गया। जिसके बाद डेलची बुजुर्ग में भी रथ सभा हुई। यात्रा का महिदपुर शहर में भव्य स्वागत हुआ। कृषि उपज मंडी में मुख्य सभा के बाद झारडा कटन होते हुए यात्रा खेडाखजुरिया पहुंची। जहां रथ सभा के बाद राघवी होते हुए यात्रा ने घोंसला में प्रवेश किया। यात्रा का जगह जगह पुष्प वर्षा कर ग्रामीणों ने स्वागत किया।