होटल में जिसके साथ रुका था, अब उसने किया रेप, ब्लैकमेल व धर्म परिवर्तन का केस

 

इंदौर की होटल में आरोपी पति को प्रेमिका के साथ रंगेहाथ पकड़ने का मामला

इंदौर। एडवाइजरी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी के खिलाफ कंपनी में ही काम करने वाली युवती ने अब बलात्कार, ब्लैकमेल और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में केस दर्ज कराया। यह वही लड़की है, जिसे कुछ दिन पहले आरोपी के साथ ही एक होटल में पकड़ा गया था। दोनों को पकड़ने वाली आरोपी की पत्नी ही थी। अब नई कहानी सामने आई है कि आरोपी जिस युवती के साथ होटल में रुका था, उसने भी केस दर्ज कराया है।

युवती को फंसाने कंपनी एचआर की ली मदद

टीआई रवीन्द्र गुर्जर ने बताया कि 24 साल की युवती की शिकायत पर आरोपी अरहम यूनुस खान निवासी पाकीजा ग्रीन्स खजराना के खिलाफ बलात्कार सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी मूल रूप से देवास का रहने वाला है।
आरोपी इंदौर की एडवाइजरी कंपनी में सेल्स डिपार्टमेंट में काम करता है। पीड़िता फरवरी 2023 से सितंबर 2023 तक इसी कंपनी में ऑफिस में काम कर चुकी है। पीड़िता ने बताया उसकी कंपनी की एचआर से आरोपी अरहम ने कहा कि उसे वह पीड़िता को उसके साथ सेल्स में कर दे। अच्छे से काम करेंगे। जब एचआर ने पीड़िता से इस बारे में बात की तो उसने सेल्स में जाने से इनकार कर दिया। अरहम ने दबाव बनाया तो उसने जॅाब छोड़ दी।
इसके बाद अरहम ने एचआर को कहा कि पीड़िता को वापस जॉब पर लेकर आ जाए। वह अच्छा काम कर रही थी। मैं सारा काम कर लूंगा। उस पर प्रेशर नहीं आएगा। एचआर के कहने पर पीड़िता वापस जॉब पर आ गई। यहां सेल्स डिपार्टमेंट जॉइन कर लिया।
अगस्त 2023 को वह द पार्क होटल में काम का कहकर ले गया। पीड़िता को जबरदस्ती पकड़कर उसे होटल के कमरे में ले गया और संबंध बनाए।

पहले दोस्ती बढ़ाई, फिर फील्ड पर साथ ले जाने लगा

आरोपी ने काम के दौरान पीड़िता से दोस्ती बढ़ा ली और उसे फील्ड पर भी साथ ले जाने लगा। इस दौरान उसने कहा कि वह उसे पंसद करता है। पीड़िता ने इस बात पर आपत्ति ली और कहा कि परिवार के लोग उसके लिए लड़का देख रहे हैं। आरोपी ने कहा कि परेशान न हो, वह परिवार के लोगों को खुद विश्वास में ले आएगा।
पीड़िता ने जब उसके शादीशुदा होने की बात पूछी तो आरोपी ने यह कहते हुए समझाया कि परिवार के लोगों ने उसकी जबरदस्ती शादी कर दी थी। वह पत्नी को पसंद नहीं करता है। बहुत जल्द उसे छोड़ने वाला है। पीड़िता ने उसको यह कहते हुए टाल दिया कि इन सब बातों से उसका कोई लेना-देना नहीं है। इसके बाद भी आरोपी परेशान करने लगा।

धर्म क्या होता है दुनिया को दिखाउंगा​

रेप के बाद आरोपी पीड़िता पर धर्म बदलने के लिए दबाव बनाने लगा। पीड़िता से कहा कि वह दुनिया को दिखाएगा कि धर्म क्या होता है। आरोपी ने कहा कि वह धर्म बदल लेगी तो वह निकाह कर लेगा। पीड़िता के इनकार करने पर फोटो वायरल करने की धमकी दी।
पीड़िता इस बात से डर गई और उसके मुताबिक काम करने लगी। 2 सितंबर 2023 को पीड़िता बिट टाउन होटल पहुंची। यहां एक महिला और अन्य युवक भी पहुंच गए जिन्होंने हंगामा किया। बाद में पीड़िता को पता चला कि हंगामा करने वाली आरोपी अरहम की पत्नी ही है। पीड़िता के माता-पिता को पूरी बात पता चली तो अब थाने जाकर रिपोर्ट कराई है।