सौतेली मां व बहन की हत्या कर छत से कूदे युवक की भी मौत

– शव को चाकू से गोदा फिर जलाया, मौके पर मसाला पीसने का पत्थर व जहर की पुड़िया भी मिली, मंदसौर के पिपलिया मंडी टीलाखेड़ा क्षेत्र में सनसनीखेज घटना
मंदसौर। मंगलवार को प्रातः नगर के वार्ड 7 टीलाखेड़ा क्षेत्र में एक महिला व उसकी बेटी की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मिली, घर का दरवाजा अन्दर से बन्द था, जिसे पुलिस की मौजूदगी में खुलवाया, तो पुलिस अधिकारी व घर में पहुंचे लोग दंग रह गए, तीन कमरे खून से सने थे, महिला की रक्तरंजित हालत में लाश पड़ी थी वहीं गैलरी में 7 वर्षीय बालिका मृत पड़ी थी। पुलिस के पहुंचने के आधे घंटे पूर्व घर की दूसरी मंजिल की छत से कूदे युवक को अस्पताल ले जाया गया, जिसकी भी मौत हो गई।

प्रारंभिक तौर पर यह बात सामने आई है कि युवक ने सौतेली मां, बहन की हत्या की और छत से कूदकर भागने की कौशिश की, जिससे वह गिरने से घायल हो गया और बाद में उसकी भी मौत हो गई। इस सनसनीखेज घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में नगरवासी मौके पर एकत्रित हो गए।
घर पर थे तीनों-
सामने आया है कि टीलाखेड़ा गली नम्बर 1 में निवासरत, सब्जी व्यवसायी व आढत का काम करने वाले किशोर (50) पिता माधुलाल माली प्रतिदिन की तरह सुबह 4 बजे से ही घर से सब्जी मंडी में आ गए। किशोर के दो बड़ी बेटी काजल (25) गायत्री (22) तथा एक छोटी बेटी तनीषा (11) भी बाद में सब्जी मंडी में ठेले पर आए गए थे और साथ में थे। किशोर के सब्जी का ठेला है, जहां सभी सब्जी का विक्रय करते है। घर पर किशोर की पत्नी सुनीता (40) बेटा विनोद (20) बेटी हिमांशी (7) थे। किशोर माली सुबह 4 बजे घर से सब्जी मंडी गए, उसके बाद पत्नी सुनीता ने घर का दरवाजा अन्दर से बन्द कर लिया था।
घर पहुंचने पर नहीं खुला दरवाजा-
किशोर माली ने पुलिस को जो जानकारी दी है उसके अनुसार वह सब्जी मंडी का कार्य करने के बाद प्रातः 8.30 बजे घर गए तो घर का दरवाजा बन्द था, काफी कौशिश की, लेकिन दरवाजा नही खुला। पत्नी सुनीता व बेटे विनोद को मोबाइल पर भी कॉल की, लेकिन कॉल रिसिव नही हुई। इसके बाद मामला संदिग्ध होने पर 10.30 बजे करीब किशोर ने पुलिस चौकी पहुंच जानकारी दी कि घर का दरवाजा अन्दर से बन्द है। घर में पत्नी, बेटा, बेटी है, लेकिन कोई जवाब नही आ रहा है।
बेटा छत से कुदा, मौत-

सुबह घर में किशोर की पत्नी सुनीता, बेटा विनोद व बेटी हिमांशी थे। दरवाजा नही खोले जाने के बाद किशोर इसकी सूचना देने पुलिस चौकी आए, इस दौरान करीब प्रातः 11 बजे किशोर का बेटा विनोद घर के पीछे से दूसरी मंजिल की छत से नीचे कूदा, इस दौरान रहवासियों ने घायलवास्था में विनोद को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।सूचना पर प्रातः 11.30 बजे पुलिस चौकी पर पदस्थ एसआई डीएस पंवार जाप्ते के मौके पहुंचे, रहवासियों की उपस्थिति में दरवाजा तुड़वाया, भीतर देखा तो सुनीता की लाश रक्त रंजित हालत में मिली। 3 कमरे में खून फैला हुआ था। सुनीता को चाकू से गोद रखा था, मृतिका के पास मूसली, जहर की पुड़िया, मसाला पीसने का पत्थर भी मिले। वहीं सुनीता की लाश कमर के यहां से जली हुई थी। वहीं हिमांशी की लाश गैलरी में पड़ी थी, हिमांशी के शरीर पर गंभीर चोंट के निशान नही थे।
बेटे ने सोतेली मां और बहन को मारा
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि विनोद ने ही सौतली मां सुनीता, बहन हिमांशी की हत्या की है। सूत्रों के अनुसार विनोद का शाम को सौतेली मां से कुछ विवाद भी हुआ था। शंका है कि पिता किशोर के घर से जाने के बाद विनोद ने योजनाबद्ध तरीके से सौतेली मां व बहन को मौत के घाट उतारा। मौके से चाकू, मुसली, मसाले पीसने का पत्थर, जहर की पुड़िया मिलने से यह बात सामने आई कि विनोद ने पहले ही मर्डर का प्लान बना रखा था। हत्या करने के बाद भी वह घर में ही था। भागने की कौशिश में वह दूसरी मंजिल की छत से कूदा और जख्मी होने के बाद उसकी भी मौत हो गई।जानकारी के अनुसार किशोर की पहली पत्नी पार्वतीबाई का करीब एक वर्ष पूर्व निधन हो गया था। पार्वतीबाई के एक बेटा, विनोद व दो बेटियां गायत्री व काजल है। पार्वतीबाई के निधन के बाद किशोर ने करीब 6 माह पूर्व सुनेल (राजस्थान) निवासी सुनीता से नातरा किया था। सुनीता की पहले शादी भवानीमंडी निवासी बन्टी पिता जगदीश माली से हुई थी। लेकिन वहां पति की मारपीट से परेशान होकर सुनीता ने बन्टी को छोड दिया था।करीब 6 माह पूर्व सुनीता ने पिपलियामंडी में किशोर से नातरा किया था। सुनीता साथ में दो बेटियों तनीषा वं हिमांशी को भी साथ लेकर आई थी। जानकारी के अनुसार सुनीता ने पिपलिया आने के बाद अपने पहले वाले पति व दो अन्य लोगों द्वारा परेशान व हत्या करने की धमकी देने की करने शिकायत भी पुलिस चौकी पिपलियामंडी में दर्ज कराई थी।किशोर ने पहले वाली पत्नी पार्वती के निधन के कुछ माह बाद ही सुनीता से नातरा कर लिया था। यह बात विनोद को नागवार गुजरी। विनोद के साथ ही उसकी दोनों बहनों की भी शादी नही हुई है। जानकार सूत्रों के अनुसार विनोद का सौतेली मां सुनीता से एक दिन पूर्व विवाद होने की बात भी सामने आई है। इस कारण विनोद ने सौतेली मां व बहन को मौत के घाट उतार दिया और खुद बचने के लिए छत से कूदा तो उसकी भी मौत हो गई।सूचना पर एसपी अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौतमसिंह, एसडीओपी रघु केसरी, टीआई नीरज सरवान, चोकी प्रभारी अभिषेक बोरासी सहित नारायणगढ़, मल्हारगढ़ थाना प्रभारी भी घटनास्थल पहुंचे। घटना के बाद घर को सील कर दिया गया। तीनों के शवों को मंदसौर भिजवाया, जहां पेनल टीम ने पीएम किया। पिपलिया पुलिस ने 174 में मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया।