उप्र के सीएम योगी आदित्यनाथ इंदौर में, देवी अहिल्या पुण्य स्मरण समारोह में होंगे शामिल

नाथ मंदिर व शिवाजी प्रतिमा स्थल भी जाएंगे

इंदौर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज इंदौर में हैं। वे यहां देवी अहिल्या बाई की 228वीं पुण्यतिथि पर आयोजित ‘गुणीजन सम्मान एवं पुरस्कार वितरण’ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। सुरक्षा व्यवस्था में कसावट की गई है।
योगी आदित्यनाथ दोपहर 2 बजे एयरपोर्ट आएंगे। यहां से वे सीधे राजबाडा पहुंचेंगे और देवी अहिल्या माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। वे यहां 10 मिनट रुकेंगे। वे राजबाडा से सीधे नाथ मंदिर जाएंगे। वे 2.30 बजे मंदिर परिसर में ध्वज स्तंभ का अनावरण करेंगे। मंदिर परिसर में 40 फीट का ध्वज स्तंभ बनाया गया है। इसमें नाथ सम्प्रदाय के चिन्ह अंकित हैं। योगी इसके अनावरण के साथ ही माधवनाथ महाराज के दर्शन करेंगे और उद्बोधन देंगे।
योगी यहां से 3.25 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्यभिषेक की 350वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में शिवाजी प्रतिमा पहुंचेंगे। वे यहां 20 मिनट रुकेंगे और फिर मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रविन्द्र नाट्य गृह जाएंगे। यह कार्यक्रम 4 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन करेगी। इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, मंत्री तुलसी सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, आईडीए अध्यक्ष जयपालसिंह चावड़ा आदि भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं संगीत के क्षेत्र में काम करने वाले विवेक गावड़े का सम्मान होगा। योगी शाम 5.30 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे और लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।