भोपाल आकर भाजपा महाकुंभ में बोले मोदी–मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी

लगाया गंभीर आरोप- कांग्रेस का ठेका अब अर्बन नक्सलियों के पास

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भोपाल में कहा कि ‘मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी।’ कांग्रेस पर बड़ा हमला करते हुए उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस को अब कांग्रेस के नेता नहीं चला रहे। अब कांग्रेस एक कंपनी बन गई है। नारों से लेकर नीतियों तक हर चीज आउटसोर्स कर रही है। ये ठेका अब कुछ अर्बन नक्सलियों के पास है। कांग्रेस में अब अर्बन नक्सलियों की चल रही है।
प्रधानमंत्री ने जंबूरी मैदान में भाजपा महाकुंभ को संबोधित किया।

2 अक्टूबर को स्वच्छता से जुड़ें, खादी पहनें

पीएम मोदी ने आग्रह करते हुए कहा, ‘2 अक्टूबर को बापू की जयंती है। इससे पहले 1 अक्टूबर को स्वच्छता से जुड़ा कार्यक्रम पूरे देश में होने वाला है। आप सभी इस स्वच्छता के कार्यक्रम में जुड़िए। त्योहारों में हमें ‘वोकल फॉर लोकल’ याद रखना है। खादी के कपड़े खरीदने हैं। जो गिफ्ट खरीदें, वो लोकल हो, भारत में बना हो।’

खुली जीप में मंच तक पहुंचे मोदी

मोदी खुली जीप में कार्यकर्ताओं के बीच होते हुए मंच तक पहुंचे। साथ में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा भी थे।

जो गारंटी दी थी पूरी हो गई

संसद में महिला आरक्षण बिल पर मोदी ने कहा कि मोदी ने आपको जो गारंटी दी थी, वो पूरी हो गई है। लोकसभा-राज्यसभा में 33 प्रतिशत सीट आरक्षित करने का कानून नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित हुआ। कांग्रेस और उसके नए घमंडिया गठबंधन ने मजबूरी में इस बिल का समर्थन बहुत खट्‌टे मन से किया। यह खट्‌टापन उनके बहानों में दिखता है।
उन्होंने कहा कि मौका मिलते ही घमंडिया गठबंधन के लोग माताओं – बहनों को धोखा देना का तय करके बैठे हैं, तैयार बैठे हैं।

मुझे टॉयलेट बनवाना पड़े

मोदी ने कहा कि अगर इनकी नीयत महिला हित की होती तो क्या मोदी को करोड़ों टॉयलेट बनाने पड़ते। क्या टॉयलेट नहीं बना सकते थे ये लोग? ये काम भी मुझे करना पड़ा। अंधेरे का इंतजार करती माताओं – बहनों को देखकर इनकी आंखों में क्यों पानी नहीं आता था।

अहिल्याबाई और रानी दुर्गावती को याद किया

देवी अहिल्या बाई और रानी दुर्गावती सहित हमारे अनेक पूर्वजों ने भारत की विरासत को समृद्ध करने में भूमिका निभाई। लेकिन, कांग्रेस और उसका घमंडिया गठबंधन हमारी इस विरासत – सनातन को समाप्त करना चाहता है। ऐसे दलों से एमपी को बहुत सावधान रहना होगा।

आपके दादा-दादी को अभाव में रखने के लिए कांग्रेस जिम्मेदार

प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को कहा कि मैं मध्यप्रदेश के फर्स्ट टाइम वोटर को बताना चाहता हूं कि आपके माता-पिता, दादा – दादी को अभाव में रखने के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। उनको मुसीबत में जीने के लिए मजबूर करने वाली कांग्रेस एक मात्र पार्टी है। कांग्रेस सिर्फ एक परिवार का गौरवगान करने में ही जुटी रही।
एमपी में भाजपा की सरकार को लगभग 20 साल पूरे हो चुके हैं। जो युवा पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने भाजपा की ही सरकार को देखा है। ये युवा सौभाग्यशाली हैं कि इन्होंने मप्र में कांग्रेस का वो बुरा शासन और बुराइयां देखी नहीं हैं।

यह महाकुंभ बता रहा मप्र के मन में क्या है

कार्यकर्ता महाकुंभ के बारे में कहा कि
यह दिखाता है कि मध्यप्रदेश के मन में क्या है। यह जन सैलाब, उमंग, उत्साह, महाकुंभ, महासंकल्प, बहुत कुछ कहता है। यह दिखाता है कि मध्यप्रदेश के मन में क्या है?

भारत को भगवान का वरदान है मोदी जी– शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ‘मोदी जी भारत को भगवान का वरदान हैं। पीएम मोदी के हाथ हम भव्य और दिव्य भारत का सपना साकार होते हुए देखेंगे।’ ‘कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। यह कलंक हमने मिटा दिया।