संजा पर्व के बारहवे दिन ग्यारस की केल बनाई जाएगी। केल का पूजन शिव-पार्वती को प्रसन्न करने के लिए किया जाता है

संजा पर्व बारहवां दिन
आज बनेगी ग्यारस की केल
संजा पर्व के बारहवे दिन ग्यारस की केल बनाई जाएगी। केल का पूजन शिव-पार्वती को प्रसन्न करने के लिए किया जाता है। यह मान्यता है कि केल का पूजन यदि कुंवारी कन्या करती है तो उसे अपनी पसंद का वर मिलता है। वहीं यह मान्यता भी है कि यदि केल के दूध का सेवन लगातार मनुष्य को करवाया जाए तो उसकी प्रजनन क्षमता समाप्त हो जाती है। बुजूर्गो के अनुसार ब्रम्हचर्य के दौरान अपना कौमार्य सुरक्षित रखने के लिए खास करके लड़कियों को केल की पूजा की प्रेरणा महिलाएं दिया करती थी।
संजा के माण्डने जहां बहुत कुछ बताते, सिखाते हैं वहीं ये माण्डने लोक मान्यताओं का वर्णन भी करते है, जो तात्कालिक समय हुआ करती थी। संजा पर्व के माध्यम से कुंवारी लड़कियों को बताया जाता है कि सद्मार्ग पर चलने के लिए धर्म के प्रति झुकाव, ईश्वर के प्रति आस्था होना चाहिए। यह मिलती है नियमित दिनचर्या के साथ-साथ पूजा पाठ करने से। लड़कियों को बचपन से ही पूजा करना, दीपक लगाना, सांध्य आरती करना सिखाया जाता था। पर्व, त्यौहार पर धार्मिक रस्म किस प्रकार निभाई जाती है, यह बताया जाता था। साथ ही पूर्णिमा, चतुर्थी पर व्रत रखना, एकासना और उपवास रखना, एकादशी पर व्रत रखना और इनके पिछे के कारणों को बताया जाता  था। लड़कियां व्रत रखने के चलते जहां  भोग विलास से मुक्त रहती थी वहीं मौका आने पर किसी संकट की स्थिति में भूखा रहकर भी संतुलित और संयमित रहा जा सकता है, सीखती थी।
यदि प्राचीन काल में ससुराल शब्द को लेकर व्याख्या करें तो पुरानी पीढ़ी महिलाएं बताती है कि ससुराल के मायने होते थे कोई कैद हो गई हो? उस समय लड़की ससुराल के नाम से कांपती थी। पति के घर जाना तो पसंद रहता था लेकिन सास-ससुर का व्यवहार, ननद, जेठ-जेठानी का व्यवहार कैसा होगा, यही सोचकर लड़कियां भय खाती थी। ऐसे में संजा के माण्डने उसे लोकाचार खीखाते थे। यही लोकाचार उसे ससुराल में हिम्मत देते थे। यही लोकाचार उसे ससुराल में धीर-गंभीर बनना सिखाते थे। और एक दिन बहू घर में सभी की प्रिय हो जाती थी। समय निकलता जाता था और बहू की पदवी सासु मां बनने तक पहुंच जाती थी। जीवन चक्र इसीप्रकार चलता रहता था। आज भी चल रहा है लेकिन भौतिकवाद को ओढ़कर, जिसमें न तो संवेदना है, न ही भावनाएं। केवल और केवल दिखावा ़ ़ ़ ़?
आज का गीत
गाड़ी नीचे जीरो बोयो, सात सहेलियां जी
गाड़ी रड़की, कोंपल फूटी, सात सहेलियां जी
कोपल की म्हने सब्जी रांदी, सात सहेलियां जी
वा सब्जी म्हने बीराजी के मेली,सात सहेलियां जी
बीराजी बोलिया अच्छी लागी,सात सहेलियां जी
बीराजी ने म्हने भैंस मेली,सात सहेलियां जी
भैंस ने म्हने दूध दियो,सात सहेलियां जी
दूध की म्हने खीर बनई,सात सहेलियां जी
खीर म्हने बीराजी के मेली,सात सहेलियां जी
बीराजी ने म्हने चुनड़ी उड़ई,सात सहेलियां जी
चूनड़ी ओड़ी पाणी चाल्या,सात सहेलियां जी
पाणी चाल्या कांटा लग्या,सात सहेलियां जी
कांटा लग्या चुनड़ी फाटी,सात सहेलियां जी
वा चूनरी म्हने दर्जी के दईदी,सात सहेलियां जी
दर्जी ने उकी खोल सी दी,सात सहेलियां जी
वा खोल में म्हने सिक्का भरिया,सात सहेलियां जी
सिक्का लईने हाट चाली,सात सहेलियां जी
हाट में म्हने चूढ़ो पेरियो,सात सहेलियां जी
चूढ़ो पेरियो-बिछिया पेनी,सात सहेलियां जी
चूड़ो चमके, बिछिया झमके,सात सहेलियां जी
बिछिया बाजे, सासू गाजे,सात सहेलियां जी