केंद्रीय गृहमंत्री शाह के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत

कांग्रेस बोली- धमका रहे अधिकारियों व कर्मचारियों को

भोपाल। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ कांग्रेस ने आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत चुनाव आयोग से की है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। कांग्रेस के मध्यप्रदेश चुनाव कार्य प्रभारी जेपी धनोपिया के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल रविवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के दफ्तर पहुंचा। यहां उन्होंने कहा कि अमित शाह कर्मचारियों को वोट दिलवाने के लिए धमका रहे हैं। कांग्रेस ने लिखित आवेदन भी दिया है।
शिकायत में कहा गया है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा शासकीय संसाधनों का दुरुपयोग करते हुए भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के साथ-साथ शासकीय अधिकारी कर्मचारियों को कमल के पक्ष में काम न करने पर देख लेने की धमकी देना चुनाव प्रक्रिया को बाधित करना है। प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेताओं द्वारा प्रदेश में शासकीय अधिकारियों ,कर्मचारियों में भर का वातावरण निर्मित किया जा रहा है, जो कि संवैधानिक मूल सिद्धांतों के विपरीत है। कांग्रेस ने चाहा है कि इस मामले में केंद्रीय गृहमंत्री पर आदर्श आचार संहिता का खुला उल्लंघन का प्रकरण दर्ज किया जाए, ताकि निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से मतदान हो सके।