न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका दोनों ही सेमीफाइनल में प्रवेश की प्रबल दावेदार रोचक मुकाबला होगा आज

पुणे। आईसीसी विश्व कप 2023 का 32वां मुकाबला पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में आज न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाना है। विश्व कप 2023 में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका दोनों ही सेमीफाइनल में प्रवेश की प्रबल दावेदार हैं। ऐसे में पुणे में दोनों टीमों के बल्लेबाजों के बीच का रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।

आखिरी विश्व कप खेल रहे साउथ अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक 3 शतक समेत 431 रन बना चुके हैं। वहीं युवा रचिन रविंद्र ने न्यूजीलैंड के लिए 406 रन बनाए हैं। वह इसके अलावा वह अच्छे स्पिनर होने के कारण संपूर्ण पैकेज हैं। साउथ अफ्रीका के पास अगर पावर हिटर हेनरिक क्लासेन हैं तो न्यूजीलैंड के पास जिमी नीशम हैं। डेविड मिलर साउथ अफ्रीका के लिए एक्स फैक्टर हैं तो डेरिल मिचेल न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को गहराई देते हैं।

एडेन मार्कराम की तुलना ग्लेन फिलिप्स से हो सकती है, क्योंकि शानदार बल्लेबाज होने के साथ दोनों उम्दा स्पिनर भी हैं। दोनों कप्तानों टेम्बा बावुमा और टॉम लैथम में भी विरोधी आक्रमण को नेस्तनाबूद करने का माद्दा है। गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका को कगिसो रबाडा के फिट होने की उम्मीद होगी जो पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेल पाए थे।