महाकाल को चांदी के पात्र में चढ़ाया 11 लाख का उट्टन व 3 लाख की अंजीर का भोग

दैनिक अवंतिका(उज्जैन) दीपावली के उपलक्ष्य में रूपचौदस पर साराध्यन हेल्थकेयर, साध्यासार हेल्थकेअर की ओर से भगवान महाकाल को चांदी के पात्र में करीब 11 लाख का राजघराना उट्टन व 3 लाख का 125 किलो पुरंदरी अंजीर का राजभोग अर्पित किया। साराध्यन हेल्थकेयर के उज्जैन में प्रतिनिधि मुरली मनोहर जोशी ने बताया पूना के डॉ. सागर, धर्मपत्नी डॉ. साधना, पुत्र साराध्य, पुत्री साध्या कोलते द्वारा सहस्त्रपुरी सुवर्णाभक्त 25 ग्राम, रजत भस्म 50 ग्राम, हिरक भस्म 25 ग्राम, मूगांदी से नीलम रत्न की भस्म 25 ग्राम, मौलिक भस्म 25 ग्राम, चंदन तथा दुर्लभ दिव्य 1000 ग्राम वनस्पतियों से युक्त तथा केसर आदि प्रचूर मात्रा में मिलाकर यह उट्टन सिर्फ महाकालजी के लिये रजत पात्र के स्वर्ण बर्ख से आच्छादित करके भोग लगाया गया। यह उट्टन लगभग 1250 ग्राम वजन का तथा 11 लाख राशि का है। यह उट्टन नन्हें बालक की त्वचा समान सौम्य, तेजस्वी, मुलायमता प्रदान करता है। महाकाल सहित हरसिद्धि, मंगलनाथ, त्रिवेणी, काल भैरव मंदिर में भी दीपावली के भोग का अंश चढ़ाया गया।