महाकाल में आज भस्मारती में लगेगा अन्नकूट, सुबह 8 बजे तक दर्शन

दैनिक अवंतिका(उज्जैन) महाकाल मंदिर में आज रविवार को दिवाली मनेगी। रूप चतुर्दशी आज सुबह तक होने के कारण महाकाल के दरबार में आज दिवाली मनेगी। इसके बाद दोपहर में अमावस्या लगेगी और शाम को संपूर्ण जगत के लोग दिवाली मनाएंगे। भस्मारती के पुजारी संजय गुरु ने बताया कि तड़के 4 बजे होने वाली महाकाल की भस्मारती में सबसे पहले पंडे-पुजारी भगवान को अभ्यंग स्नान कराएंगे। पंचामृत व फलों के रस से अभिषेक-पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात बाबा को पहला अन्नकूट लगेगा। देशभर के श्रद्धालु भस्मारती में दिव्य दर्शन के लिए उमड़ेंगे। अन्नकूट दर्शन सुबह 8 बजे तक ही होंगे। इसके बाद दिनभर में मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं का तांता लगेगा। भस्मारती में ही पंडे-पुजारी फुलझड़ियां अनार जलाकर सबसे पहले भगवान महाकाल के दरबार में दीपावली का पर्व मनाएंगे।