दीपावली पर नगर वासियों में छाया उल्लास, बच्चों ने जमकर की आतिशबाजी। धानमंडी स्थित प्रसिद्ध महालक्ष्मी मन्दिर का आकर्षक

दैनिक अवंतिका(बड़नगर) हर तरफ खिले चेहरे, सजीले घर-आगन, पकवानों की महक, पटाखों की गूंज, दीया और विधुत सज्जा की जगमग। मन को आनन्दित और उल्लासित कर देने वाला यह मन भावन नजारा रविवार को दीपावली पर हर तरफ दिखाई दिया। दिनभर चली तैयारियों के बाद शाम होते ही मंगल मुहूर्त में महालक्ष्मी के पूजन का दौर शुरू हुआ। इसके बाद पटाखे गूंज उठे तो आसमान आतिशबाजी के रंगीले नजारो से पट गया। महालक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए धानमंडी स्थित महालक्ष्मी मंदिर मे दिन भर दर्शन, वंदन, पूजा, अनुष्ठान का दौर चलता रहा। महालक्ष्मी के स्वागत में महिलाओं ने दरवाजों पर वंदनवार सजाई। शाम को शुभ मुहूर्त में नए वस्त्र, आभुषण धारण कर श्रद्धालुओं ने विधि विधान से पूजा की। आरती के बाद माता के जयकारें की गूंज के साथ ही बच्चें पटाखें लेकर बाहर की और दौड़ पड़े और जमकर आतिशबाजी करी। फुलझड़ी जहा दीपावली को रोशन कर रही थी तो बम धमाके हर्ष का शंखनाद कर रहे थे। आतिशबाजी का यह क्रम देर रात तक चलता रहा। इस दौरान छोटो ने बड़े के पैर छूकर आशीर्वाद लिया तो दोस्तों ने गले मिलकर शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया। त्योहार पर पुलिस भी रही मुस्तैद दीपावली पर्व पर सुबह से सभी प्रमुख बाजारों में पुलिस ने बेरिकेट्स लगाकर व पुलिस जवान तैनात कर दो पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी। जिससे बाजारों में जाम व भीड़ एकत्रित नही हो सके। पुलिस एसडीओपी, थाना प्रभारी मनीष दुबे भी पूरे दिन शहर में बल के साथ ड्यूटी पर घूमते नजर आए।