मतदान समाप्त कर इंदौर के नेहरू स्टेडियम पहुंचे दलों का ढोल-ढमाकों से स्वागत..रात आठ बजे शुरू हुआ था, जो देर रात तक चलता रहा सिलसिला

इंदौर। विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के बाद इंदौर के नेहरू स्टेडियम आने वाले मतदान दलों का जोरदार स्वागत किया गया। बीती रात आठ बजे से मतदान दलों के आने का सिलसिला शुरू हुआ। सबसे पहले आने वाले दल का स्वागत स्टेडियम में ढोल ढमाकों और फूलों की माला पहनाकर किया गया। धीरे-धीरे बसों से दल आने लगे। सभी के चेहरे पर मतदान संपन्न कराकर आने का सुकून था। दलों ने अपनी-अपनी ईवीएम जमा करा दी हैं, जिन्हें स्टेडियम के स्ट्रांग रूम में रखा गया है। इनकी कड़ी सुरक्षा की जा रही है। 3 दिसंबर को मतगणना होगी।
विधानसभा चुनाव के लिए इंदौर जिले में 2561 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। 16 नवंबर को इन बूथों के लिए मतदान दल नेहरू स्टेडियम से सामग्री लेकर रवाना हुए थे। शुक्रवार को मतदान संपन्न कराने के बाद मतदान दलों की वापसी का सिलसिला शुरू हुआ। सभी दलों से मतदान सामग्री ईवीएम की वापसी टेबल पर बैठकर ली गई।

सामग्री जमा कर घर रवाना हुए लोग

मतदान दल अपनी टेबल पर आकर बैठ गए। यहां से उनसे सामग्री की सुपुर्दगी स्टेडियम में मौजूद टीम ने ली। इसके बाद मतदान दल के कर्मचारी अपने घर को रवाना हुए। रात आठ बजे से दलों के आने का सिलसिला चलता रहा, जो देर रात तक जारी रहा।

पुलिस बल और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी

ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा में इंदौर के नेहरू स्टेडियम के स्ट्रांग रूम में रखा गया है। इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही सीटीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। अब इन ईवीएम को 3 दिसंबर को खोला जाएगा। इसके बाद मतगणना होगी।