रिटायर्ड थानेदार के बेटे ने लगाई फांसी

इंदौर। रिटायर्ड थानेदार के बेटे ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसने आंखों पर रुमाल से पट्टी और हाथ मोबाइल चार्जर केबल से बांध लिए थे। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है। घर से 13 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है लेकिन उसमें कोई खास वजह नहीं लिखी है। माता-पिता से माफी मांगी है। असफलता का जिक्र किया है।
खजराना पुलिस के मुताबिक घटना न्यायनगर की है। 24 वर्षीय हेमंत चौहान ने फांसी लगाई है। हेमंत मूलत: हरदा का रहने वाला था। वह इंदौर में निजी अस्पताल में नौकरी करता था। हेमंत न्यायनगर में रहने वाली बहन के पास रहता था। उसके जीजा रेडियोलाजिस्ट हैं। बच्चों की छुट्टियां होने के कारण बहन माता-पिता के पास हरदा गई हुई थी। जीजा अस्पताल चले गए थे।
शाम को छोटी बहन खाना बनाने के लिए आई तो देखा हेमंत फांसी पर लटका हुआ है। चाचा सुभाषसिंह राजपूत के मुताबिक हेमंत को किसी प्रकार की परेशानी नहीं थी। पिता एसआइ के पद से रिटायर हुए हैं। घर में इकलौता बेटा था।