मोबाइल पर गेमिंग एप डाउनलोड करते ही गायब हुए थे 40 हजार – आईटी सेल की टीम ने 6 माह बाद खाते में करवाएं ट्रांसफर

दैनिक अवंतिका उज्जैन । मोबाइल पर गेमिंग एप डाउनलोड करने पर 2 लोगों के खातों से हजारों की राशि गायब हो गई थी। शिकायत पुलिस की आईटी सेल के पास पहुंचने पर जांच शुरू की गई। 6 माह बाद दोनों की पूरी राशि उनके खातों में ट्रांसफर करा दी गई। पुलिस की कार्यशैली से दोनों लोगों के चेहरे खिल उठे थे।
महिदपुर तहसील के दिलदारपुरा में रहने वाले अमजद पिता हुसैन खां फेब्रिकेशन का काम करता है। 6 माह पहले उसके भाई ने मोबाइल में गेमिंग एप डाउनलोड किया था। जिसके बाद एक दिन में ही 2 बार उसके खाते से 40 हजार रूपये आॅनलाइन गायब हो गये थे। अमजद ने मामले की शिकायत आईटी सेल के हेल्पलाइन नबंर 1930 पर दर्ज कराई थी। ऐसी की घटना बड़नगर तहसील में रहकर खेती किसानी का काम करने वाले मेहरबान पिता भरतलाल यादव के साथ हुई। उन्होने अपने मोबाइल में एक गेमिंग एप डाउनलोड किया था। जिसके बाद उनके खाते से 500 रूपये आॅनलाइन गायब हो गये थे। दोनों मामलों में शिकायत आईटी सेल के पास पहुंचने पर जांच शुरू की गई। 6 माह बाद दोनों के खाते में 40 हजार 500 रूपये की राशि सोमवार को ट्रांसफर कर दी गई। खातों राशि आने पर दोनों के चेहरे पर मुस्कान आ गई थी। पूर्व में आईटी सेल द्वारा कई लोगों की आॅनलाइन राशि गायब होने पर ट्रांसफर कराई जा चुकी है। बड़नगर और महिदपुर के शिकायतकर्ताओं की राशि वापस खाते में ट्रांसफर करने में एएसआई राम बाजपेई, आरक्षक प्रिंस छाबड़ा, नितिन सिसौदिया, महिला आरक्षक सूर्यांशी चौहान, रागिनी पांडेय और पूजा परमार की भूमिका रही। आईटी सेल की ओर से जनहित में अपील जारी करते हुए कहा कि यदि आपके साथ किसी भी प्रकार का वित्तीय या सायबर धोखाधड़ी हो तो तत्काल सायबर हेल्प लाईन नबंर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराये। गेमिंग/बेटिंग एप अपने मोबाइल में डाउनलोड करते समय बैंक खाते से लिंक मोबाइल नबंर की सीम का उपयोग ना करे। बच्चों को मोबाइल देते समय ध्यान रखे कि गेमिंग एप तो डाउनलोड नहीं कर रहा है। गेम खेलते समय आई लिंक पर क्लीक ना करे।  किसी को डेबिट कार्ड, बैंक खाते संबंधित शेयर ना करे।