गजनी खेड़ी में महिला की हत्या, पति की हालत गंभीर

 

उज्जैन। बीती रात भाटपचलाना क्षेत्र के ग्राम गजनीखेड़ी में 2 बजे के लगभग महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो पति भी घायल हालत में मिला। जिसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
भाटपचलाना थाना क्षेत्र के ग्राम गजनीखेड़ी में रहने वाली कृष्णाबाई की हत्या होने और उसके पति संतोष भील के घायल होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घर में उनके दो छोटे बच्चे थे। महिला के शरीर पर धारदार हथियार के कई निशान थे वहीं पति का पेट भी हथियारों से फाड़ दिया गया था। पुलिस ने घायल पति को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया। जानकारी लगते ही भाटपचलाना टीआई नरेन्द्र यादव टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। जांच शुरू की गई। घटनाक्रम की सूचना मिलते ही एसपी प्रदीप शर्मा, ग्रामीण एएसपी नितेश भार्गव भी ग्राम गजनीखेड़ी पहुंच गए थे। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। मृतक कृष्णाबाई के मासूम बच्चों से पूछताछ का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी सामने आई है कि रात के समय दो से तीन लोग आए थे। जिन्होंने दंपत्ति पर हमला किया है। लेकिन पुलिस मामले को संदेहास्पद मानकर चल रही है। आशंका यह भी है कि पति ने ही पत्नी की हत्या की है और खुद को घायल किया है। एसपी प्रदीप शर्मा का कहना था कि मामले की जांच के बाद ही घटनाक्रम स्पष्ट हो पाएगा। सभी तथ्यों पर पुलिस की टीमें जांच कर रही हैं।