इंदौर, उज्जैन, शाजापुर में नौतपा जैसी भीषण गर्मी, 44 से 45 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच रहा पारा , कई शहरों में 46 के पार तापमान

 

इंदौर। अभी नौतपा शुरू नहीं हुआ है, लेकिन गर्मी के तेवर नौतपा की तरह ही तपा रहे हैं। इंदौर में सोमवार को तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने पारा 45 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की आशंका जताई है। मालवा-निमाड़ अंचल के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। सोमवार को रतलाम में तापमान 45.5 और बड़वानी में 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं और सड़कों व बाजारों में दोपहर को सन्नाटा पसरने लगा है। उज्जैन, झाबुआ और शाजापुर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। इंदौर में रविवार रात से ही भीषण गर्मी का अहसास हुआ। सोमवार को सुबह से ही तपिश का अहसास होने लगा। यहां न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था। दोपहर में तेज धूप में घर से बाहर निकले लोग परेशान हुए।

पिछले दो दिनों से शाम और देर रात तक गर्म हवाओं ने शहरवासियों को परेशान कर रखा है। शहर में ढाई से पौने तीन बजे के बीच अधिकतम तापमान अपने उच्च स्तर पर पहुंचा। दिन में हवाएं औसतन 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चलीं। हालांकि दोपहर में हल्के बादल भी छाए और विजय नगर क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी भी हुई लेकिन इससे उमस और बढ़ गई। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानियों के मुताबिक, 24 मई को इंदौर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। वहीं इस सीजन में पहली बार लू भी चलेगी।