नौतपा के पहले ही झुलसाने वाली गर्मी, मालवा- निमाड़ में तापमान 43 से 45 डिग्री तक पहुंचा

गर्म हवा के थपेड़ों से सड़कों पर आवाजाही करने वाले आ रहे लू की चपेट में

इंदौर। गर्मी के चरम के लिए नौतपा में पारे के चढ़ने की संभावना रहती है, लेकिन इस बार मई माह में गर्मी के तेवर नौतपा की तरह ही तपा रहे हैं। रतलाम में बुधवार को लगातार तीसरे दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री रहा। यह मप्र में सर्वाधिक रहा। यह स्थित‍ि लगातार दूसरे दिन रही। इंदौर, उज्जैन सहित मालवा – निमाड़ के अन्य शहरों की हालत भी कुछ इसी तरह की है। सभी दूर पारा 43 से 45 सेल्सियस डिग्री के आसपास चल रहा है।

सूरज के रौद्र रूप ने किया बेहाल

सूरज के रौद्र रूप ने बेहाल कर दिया है। दोपहर में गर्म हवा के थपेड़ों से सड़कों पर आवाजाही करने वाले लू की चपेट में आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-चार दिन भी राहत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। व्यापार-व्यवसाय पर भी भीषण गर्मी का प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। मौसम विभाग ने भी हीट अलर्ट जारी किया है।
बीते एक सप्ताह से सूरज के तेवर लगातार तल्ख होते जा रहे हैं। तापमान में उछाल से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दोपहर में सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है। कच्चे और पक्के मकान भट्टी की तरह तप रहे हैं। घरों में पंखे-कूलर से भी राहत नहीं मिल पा रही है। कई लोग गर्मी से राहत पाने के लिए घरों के बाहर और छतों पर पानी का छिड़काव कर रहे हैं।

पशु-पक्षी भी हलाकान, कई की मौत

गर्मी से पशु-पक्षी भी प्रभावित हो रहे हैं। शहर में कई स्थानों पर पेड़ों पर डेरा डाले पक्षी गर्मी के चलते नीचे गिरे और दम तोड़ दिया। नगर निगम भवन के बाहर ही बड़ी संख्या में चमगादड़ मृत मिले।

You may have missed