यजमान का पूजन कराने महाकाल के लिए निकले पुरोहित, रास्ते में ही मौत

– साइलेंट अटैक आया, दुकान की सीढ़ी पर बैठे और गिर पड़े
दैनिक अवंतिका उज्जैन। 
महाकाल मंदिर के पुरोहित पंडित अशोक शर्मा गुरुवार की सुबह अपने यजमान का पूजन कराने और मंदिर में दर्शन करने के लिए गुदरी स्थित घर से मंदिर जाने के लिए निकले। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। 
पुरोहित शर्मा रास्ते में एक दुकान की सीढ़ी पर बैठे थे। अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े। हॉस्पिटल ले जाने के दौरान रास्ते में उन्होंने अंतिम सांस ली। महाकाल मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया इस दु:खद घटना से मंदिर के सभी पुजारी, पुरोहित स्तब्ध हैं। घटना सुबह करीब 9 बजे की है। 
घर से साथ में पूजन सामग्री लेकर 
निकले थे, शुगर के मरीज भी थे 
पुरोहित शर्मा नित्य की तरह मंदिर जाने के लिए घर से निकले थे। वे एक यजमान को पूजा कराने जा रहे थे। इसलिए उन्होंने दूध और पूजन सामग्री भी साथ में ली थी। चौबीस खंबा होते हुए वे मोनू तिवारी की दुकान पर रुके और सीढ़ी पर बैठ गए तथा यहीं पर चक्कर खाकर गिर पड़े। बताया जाता है कि उन्हें साइलेंट अटैक आया। वे शुगर के भी मरीज थे और डॉक्टरों द्वारा उन्हें तीन स्टेन भी डाले जा चुके थे।
 
जय महाकाल बोलने के बाद गिरे
ई-रिक्शा से हॉस्पिटल ले गए
घटना महाकाल मंदिर से महज सौ फीट की दूरी पर एक होटल पर हुई। चश्मदीद धर्मेंद्र पंड्या ने बताया वे अपनी बाइक से जा रहे थे। गुरुजी को बैठे देखा तो हमेशा की तरह उनसे जय महाकाल बोला। उन्होंने भी जय महाकाल कहा और बाइक आगे बढ़ाई। तभी धड़ाम की आवाज आई तो पता चला गुरुजी गिर पड़े थे। उन्होंने तुरंत पंडित संजय पुजारी और सहायक प्रशासक से एंबुलेंस भेजने को कहा। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल ई रिक्शा से अवंति हॉस्पिटल भेजा लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। 
–