मक्सी टोल पर महिला के सिर से गुजरा डंपर का पहिया -हादसे का सामने आया वीडियो, टोल पर काम करती थी मृतका

उज्जैन। मक्सी-उज्जैन के बीच टोल नाके पर गुरुवार को महिला के सिर से डंपर का पहिया चढ़ गया। कैमरों के फुटेज देखने पर दर्दनाक मंजर दिखाई दिया। महिला की साड़ी ट्रक में फंस गई थी। घटना हादसा होना सामने आया है, चालक मौके से डंपर लेकर फरार हो गया है। कायथा थाना एसआई गणपत मुजाल्दे ने बताया कि सुबह 11 बजे उज्जैन-मक्सी के बीच बने टोल पर काम करने वाली महिला के सिर पर डंपर का पहिया चढ़ने से हुई मौत की खबर मिलने पर पुलिस पहुंची थी। टोल की एम्बुलेंस से महिला का साथी कर्मचारी अस्पताल लेकर पहुंच गये थे। मौके पर जांच के दौरान सामने आया कि घटना का शिकार हुई महिला अस्मिता पति दिलीप राठौर 28 वर्ष होना सामने आई। मौके से चालक डंपर लेकर भाग निकला था। जो मक्सी की ओर से उज्जैन जाने के लिये टोल पर पहुंचा था। टोल कर्मियों ने बताया कि उक्त डंपर सुबह उज्जैन से मक्सी की ओर गया था, उस दौरान उसमें माल भरा था, लौटते समय खाली था। चालक ने टोल शुक्ल की रसीद सुबह कटवाई थी। लौटते वक्त रसीद दिखाकर आगे बढ़ा था कि घटना हो गई। एसआई मुजाल्दे के अनुसार मामले में मर्ग कायम किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
सीसीटीवी कैमरे में दिखा घटनाक्रम
एसआई मुजाल्दे ने बताया कि डंपर चालक का पता लगाने के लिये टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे तो डंपर नबंर सामने आ गया। वहीं पूरी घटना दिखाई दी। महिला कर्मी अस्मिता टोल बेरियर के पास फुटपाथ से बूथ की ओर आ रही थी, तभी डंपर आगे बढ़ा और उसकी साड़ी डंपर में फंस गई। वह संभल पाती उससे पहले गिर गई और पहिया सिर पर चढ़ गया। चालक ने डंपर नहीं रोका और भाग निकला, जो उज्जैन की ओर गया है। नबंर के आधार पर चालक का पता लगाया जा रहा है।
प्रदेश का पहला टोल, जहां महिला कर्मचारी
पुलिस के अनुसार उज्जैन-मक्सी टोल प्रदेश का पहला ऐसा टोल है, जहां 24 महिला कर्मचारी 3 शिफ्ट में काम करती है। टोल को स्व-सहायता समूह की महिलाओं को एक वर्ष के लिये ठेके पर दिया गया है। अस्मिता पिछले 8-9 माह से काम कर रही थी। वह सुबह से शाम की शिफ्ट रहती थी। अस्मिता का पति मजदूरी करता है, वह एक मासूम बेटे की मां थी।
परिवार को आर्थिक सहायता की घोषणा
कायथा थाना क्षेत्र के टोल पर हुई घटना के बाद सामने आये सीसीटीवी फुटेज में दर्दनाक मौत होने पर मृतक महिला कर्मी के परिवार को कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने 4 लाख की आर्थिक सहायता दिये जाने की घोषणा की है। हादसे के बाद टोल पर पदस्थ महिलाएं काफी दहशत में आ गई थी। उनके सामने साथी महिला की जान चली गई।

You may have missed