मध्यप्रदेश में नौतपा के पहले दिन लू जैसे हालात : शाजापुर में गर्मी से बुजुर्ग की मौत, राजस्थान में 3 दिन में 18 मौतें

दैनिक अवन्तिका भोपाल

सूर्य के कृतिका से रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने के साथ ही 25 मई से नौतपा शुरू हो गया है। प्रदेशभर में भीषण गर्मी पड़ रही है। 2 जून तक तेज गर्मी रहेगी, क्योंकि सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ेंगी। पहले ही दिन गुना, अशोकनगर और निवाड़ी में लू का रेड अलर्ट है।

भोपाल में तेज गर्मी के चलते बिजली मेंटेंनेंस का काम 28 मई तक के लिए टाल दिया गया है। इंदौर में एलआईजी ग्रिड पर ट्रांसफार्मर को ठंडा करने के लिए इंडस्ट्रियल कूलर लगाए गए हैं। मंदसौर में भी ट्रांसफार्मर को ठंडा करने के लिए पंखे लगाने पड़े। शाजापुर में गर्मी के चलते 70 साल के बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ गई। इससे उसकी मौत हो गई। इधर, भिंड के मालनपुर में गर्मी से एक बस के इंजन से धुआं निकलने लगा। बस को तत्काल खाली करा लिया गया। महाकाल के दर्शन करने उज्जैन पहुंच रहे श्रद्धालुओं के लिए मंदिर समिति ने नंदी हॉल में कूलर लगाए हैं। मंदिर परिसर में रास्तों पर पानी डाला जा रहा है। इधर, गुना जिला अस्पताल में मरीजों को घर से पंखे लेकर जाना पड़ रहा है। देवास में गोशाला में फव्वारे लगाए गए हैं। भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया, 31 मई तक प्रदेश में भीषण गर्मी का अलर्ट है। ग्वालियर, चंबल, इंदौर-उज्जैन संभाग में तेज गर्मी पड़ेगी। अन्य जिलों में भी हीट वेव, यानी गर्म हवाओं का असर रहने का अनुमान है।

राजस्थान में 3 दिन में 18 मौतें
राजस्थान में गर्मी से गुरुवार को 9, शुक्रवार को 5 और शनिवार को 4 मौतें हुईं। राज्य में 3 दिन में यह आंकड़ा 18 हो गया है। भोपाल-हैदराबाद इंडिगो की फ्लाइट शुक्रवार को एक घंटे देरी से रवाना हुई। बताया गया कि बाहर का तापमान ज्यादा होने के चलते इंजन रिस्ट्रिक्टेड मोड में चला गया था।
उधर, कश्मीर घाटी में भी तापमान बढ़ा है। यहां 23 मई को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह 11 साल में सबसे ज्यादा रहा। 25 मई 2013 को 32.2 डिग्री सेल्सियस था।
शुक्रवार को देश की पावर डिमांड बढ़कर सीजन के सबसे ऊंचे स्तर 239.46 ॠह पर पहुंच गई। पावर मिनिस्ट्री के डेटा के मुताबिक, गुरुवार को पावर डिमांड 236.59 ॠह, बुधवार को 235.06 ॠह थी। पिछले साल पावर डिमांड का आॅल आइम हाई 243.27 ॠह सितंबर 2023 में रिकॉर्ड किया गया था। इस साल गर्मी के मौसम में यह रिकॉर्ड टूटने की संभावना है।