इंदौर में तीन दिन आरेंज अलर्ट, 44 – 45 डिग्री रहेगा पारा, लू चलने की आशंका

 

इंदौर। नौतपा के पहले दिन शहर में पारा 43.3 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। दूसरे दिन यानी आज भी यही हालात है। दिन में जहां सूरज की तपिश ने सताया वही रात में गर्म हवाओं ने भी लोगों को घरों में रहने पर मजबूर किया है।
शनिवार की रात इस सीजन की गर्म रात रही और शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 30.3 डिग्री दर्ज किया गया। विगत चार से पांच वर्षो में यह पहला मौका है जब न्यूनतम तापमान 30 डिग्री से अधिक रहा है।

आज से लू चलने की आशंका

भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों द्वारा इंदौर में 26 से 28 मई के बीच आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तापमान 44-45 डिग्री के आसपास रहेंगे और लू भी चलने की संभावना जताई गई है। रविवार को भी न्यूनत तापमान 30 डिग्री से अधिक रहने की संभावना है।