तूफान के कारण बारिश से पत्थर की खदान ढही, हादसे में 17 लोगों की मौत

एजेंसी आइजोल

पश्चिम बंगाल में आए रेमल तूफान का असर अब नॉर्थ-ईस्ट में दिखने लगा है। मिजोरम में तूफान के कारण लगातार हो रही बारिश की वजह से मंगलवार सुबह 6 बजे आइजोल में एक पत्थर की खदान ढह गई। अब तक इसमें 17 लोगों की मौत हुई है। इनमें 4 साल का लड़का और 6 साल की लड़की शामिल है। दो लोगों का रेस्क्यू भी किया गया है। मिजोरम के डीजीपी अनिल शुक्ला ने न्यूज एजेंसी को बताया कि अब तक 17 शव निकाले गए हैं। इनमें में 8 स्थानीय लोगों के हैं, जबकि 4 दूसरे राज्यों के हैं। बाकी शवों की पहचान की जा रही है।

स्कूल बस पर पेड़ गिरा, 12 बच्चे घायल
मलबे में 6-7 लोगों के दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू आॅपरेशन जारी है, लेकिन तेज बारिश के कारण इसमें दिक्कतें आ रही हैं। इसके अलावा नॉर्थ-ईस्ट के एक अन्य राज्य असम में भी आज तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। मोरीगांव जिले में आॅटो रिक्शा पर पेड़ गिरने से एक कॉलेज स्टूडेंट की मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए। सोनितपुर जिले में एक स्कूल बस पर पेड़ गिर गया, इसमें 12 बच्चे घायल हो गए।